डीडवाना कुचामन जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने नावां का दौरा कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने उपखंड अधिकारी कार्यालय और तहसील का निरीक्षण करते हुए रिकॉर्ड संधारण, जनसुनवाई व्यवस्था और विभिन्न शाखाओं के कामकाज की बारीकी से समीक्षा की।

कलेक्टर ने साफ कहा कि कार्यालय में आने वाले हर व्यक्ति की समस्या को प्राथमिकता से सुना जाए और उसका तय समय में समाधान हो। उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही को प्रशासन की मजबूती का आधार बताते हुए अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ काम करने के निर्देश दिए।

इसके बाद पंचायत समिति सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने उपखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ विभागवार समीक्षा की। बैठक में उपखंड अधिकारी दिव्या सोनी, तहसीलदार रामेश्वर गढ़वाल, विकास अधिकारी अजीत सिंह सहित शिक्षा, चिकित्सा, जलदाय, विद्युत, राजस्व और ग्रामीण विकास विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में योजनाओं की प्रगति, बजट घोषणाओं के कार्य, लंबित प्रकरण, सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और आमजन को मिल रही सुविधाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि राज्य और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लोगों तक पहुंचे, इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने विशेष रूप से पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं और फ्लैगशिप योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। साथ ही अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट कर मौके पर समस्याओं का समाधान करने और बेहतर समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।
