भाजपा के बाबूलाल को 30 वोट, कांग्रेस के दीनदयाल को 15 मत; परिणाम के बाद दोनों प्रत्याशियों ने गले मिलकर पेश की भाईचारे की मिसाल
कुचामन सिटी। नगर परिषद कुचामन सिटी में मंगलवार को हुए उपसभापति चुनाव ने अंतिम नतीजे तक राजनीतिक गणित को उलट-पुलट कर रख दिया। मतदान से पहले समर्थन के जो आंकड़े सामने थे, परिणाम उससे बिल्कुल अलग रहा। भाजपा ने वार्ड 18 से चुनाव जीतने वाले बाबूलाल मारवाड़ा को प्रत्याशी बनाया, जबकि कांग्रेस ने वार्ड 12 से भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र कुमावत को हराने वाले दीनदयाल कुमावत पर दांव लगाया। मतदान के बाद जब नतीजा सामने आया तो भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल मारवाड़ा ने 30 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस के दीनदयाल कुमावत को 15 वोट मिले। बाबूलाल ने 15 मतों के अंतर से उपसभापति पद अपने नाम किया।

दोनों प्रत्याशियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत नगर परिषद पहुंचकर रिटर्निंग अधिकारी सुरेंद्र सिंह चौधरी के समक्ष नामांकन दाखिल किया। इसके बाद दोपहर ढाई बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। भाजपा और कांग्रेस के निर्वाचित पार्षदों के साथ निर्दलीय पार्षद भी समूहों में नगर परिषद पहुंचे और नियमानुसार मतदान किया।
समर्थन के आंकड़ों से अलग आया परिणाम
मतदान से पहले कांग्रेस के पास उसके 17 निर्वाचित पार्षदों के साथ दो निर्दलीय पार्षदों का समर्थन, यानी कुल 19 का आंकड़ा बताया जा रहा था। वहीं भाजपा के 15 निर्वाचित पार्षदों के साथ 11 निर्दलीय पार्षदों का समर्थन होने की स्थिति में उसका आंकड़ा 26 तक पहुंच रहा था। हालांकि मतगणना के बाद सामने आए 30-15 के परिणाम ने राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चा तेज कर दी।
बाबूलाल मारवाड़ा के उपसभापति निर्वाचित होने की घोषणा के बाद नगर परिषद के बाहर मौजूद राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी और भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी।

इस दौरान राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने बाबूलाल मारवाड़ा को बधाई देते हुए कहा कि नए सभापति और उपसभापति के नेतृत्व में नगर परिषद शहर के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पार्षदों के सहयोग के लिए आभार जताया।
नवनिर्वाचित उपसभापति बाबूलाल मारवाड़ा ने जीत के बाद समर्थकों और पार्षदों का आभार जताते हुए कहा कि उपसभापति के रूप में उनकी प्राथमिकता नगर परिषद के कामकाज में सहयोग और शहर के विकास से जुड़े मुद्दों पर काम करना रहेगा।
नतीजे के बाद दोनों प्रत्याशियों ने गले मिलकर दिया संदेश
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद एक ऐसा दृश्य भी सामने आया, जिसने राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के बीच अलग संदेश दिया। भाजपा के नवनिर्वाचित उपसभापति बाबूलाल मारवाड़ा और कांग्रेस प्रत्याशी दीनदयाल कुमावत ने एक-दूसरे को गले लगाया।

दोनों प्रत्याशियों के इस व्यवहार की शहर में चर्चा रही और लोगों ने इसे चुनावी मुकाबले के बाद आपसी सौहार्द का संदेश बताया।
जीत के बाद निकला भाजपा का विजय जुलूस
बधाई और शुभकामनाओं के नगर परिषद से भाजपा का विजय जुलूस शुरू हुआ। वाहन जुलूस में राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी, नवनिर्वाचित सभापति महेश रामचंद्रका, नवनिर्वाचित उपसभापति बाबूलाल मारवाड़ा, चुनाव प्रभारी सूरज सोनी, मोहन मोरवाल सहित भाजपा के पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता शामिल रहे।

भाजपा का वाहन जुलूस कुचामन नगर परिषद से रवाना होकर नली का बालाजी, पुराना बस स्टैंड, गोल प्याऊ, पुरानी धान मंडी, घाटी कुआं, छीपा मोहल्ला, नया शहर और विनायक कॉम्प्लेक्स सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा। रास्ते में विभिन्न सामाजिक संगठनों, संस्थाओं और शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया।
नवनिर्वाचित सभापति महेश रामचंद्रका ने उपसभापति बाबूलाल मारवाड़ा को बधाई देते हुए कहा कि सभापति और उपसभापति मिलकर शहर के विकास को प्राथमिकता देंगे। उनका कहना था कि नगर परिषद की नई टीम का फोकस शहर की मूलभूत समस्याओं और विकास कार्यों पर रहेगा।

भाजपा चुनाव प्रभारी सूरज सोनी ने कहा कि यह परिणाम पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नया बोर्ड , भाजपा की ओर से चुनाव पूर्व जारी किए गए संकल्प पत्र को तय समय में पूरा करेगा ।

कुचामन में अब महेश रामचंद्रका सभापति और बाबूलाल मारवाड़ा उपसभापति के रूप में नगर परिषद की नई टीम का नेतृत्व करेंगे। दोनों पदों पर भाजपा के प्रतिनिधि चुने जाने के बाद अब शहर के विकास कार्यों और परिषद के आगामी कामकाज पर सबकी नजर रहेगी।
