लॉयन्स क्लब कुचामन सिटी की नई टीम ने संभाली कमान, भव्य शपथ ग्रहण समारोह में सेवा कार्यों के जरिए इतिहास रचने का संकल्प


डॉ. वी.के. गुप्ता बने अध्यक्ष, संजय रांका सचिव और मनीष बंसल कोषाध्यक्ष; लॉयन्स हॉस्पिटल जल्द शुरू करने की घोषणा


कुचामन सिटी। समाज सेवा और मानव कल्याण के लिए समर्पित लॉयन्स क्लब कुचामन सिटी की नई कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह कुचामन सिटी के सरला बिड़ला कल्याण मंडपम में उत्साह और गरिमामय माहौल के बीच आयोजित हुआ। समारोह में शहर के गणमान्य नागरिकों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, चिकित्सकों, पत्रकारों और लायन्स परिवार के सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि लॉयन दिलीप तोषनीवाल, पदस्थापन अधिकारी लॉयन निशांत जैन, स्वागताध्यक्ष लॉयन श्यामसुन्दर मंत्री, निवर्तमान अध्यक्ष लॉयन बाबूलाल मांधनिया, लायन्स चैरिटेबल ट्रस्ट अध्यक्ष लॉयन नरेन्द्र शर्मा, संभागीय अध्यक्ष लॉयन महेन्द्र सिंह भाटी, सचिव डॉ. निकित मदान और कोषाध्यक्ष मनीष बंसल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों का साफा पहनाकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वज वंदना और विश्व शांति के लिए मौन प्रार्थना से हुई।


निवर्तमान अध्यक्ष लॉयन बाबूलाल मांधनिया ने वर्ष 2025-26 के दौरान क्लब द्वारा किए गए सेवा कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि क्लब ने स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा।
संभागीय अध्यक्ष लॉयन महेन्द्र सिंह भाटी ने अपने संबोधन में बच्चों में बढ़ती मोबाइल की लत को गंभीर सामाजिक चुनौती बताते हुए अभिभावकों से इस दिशा में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।


जल्द शुरू होगा लॉयन्स हॉस्पिटल


स्वागताध्यक्ष लॉयन श्यामसुन्दर मंत्री ने बताया कि लॉयन्स क्लब की महत्वाकांक्षी परियोजना लॉयन्स हॉस्पिटल का भवन निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि लॉयन्स इंटरनेशनल से अनुदान मिलने के बाद अस्पताल का संचालन शुरू कर दिया जाएगा, जिससे पूरे क्षेत्र को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।


मुख्य अतिथि ने की क्लब की सराहना


मुख्य अतिथि लॉयन दिलीप तोषनीवाल ने क्लब की वर्षों से चली आ रही सेवा परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि लॉयन्स क्लब कुचामन सिटी समाज के लिए प्रेरणा का कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम समाज सेवा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।


नई टीम ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ


पदस्थापन अधिकारी लॉयन निशांत जैन ने अपने रोचक अंदाज में सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों का परिचय कराया और उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान डॉ. वी.के. गुप्ता ने अध्यक्ष, संजय रांवका ने सचिव और मनीष बंसल ने कोषाध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला। साथ ही नई कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने भी संगठन के प्रति निष्ठा और सेवा भावना से कार्य करने का संकल्प लिया।


भामाशाहों और चिकित्सकों का सम्मान


समारोह में क्लब के प्रमुख सहयोगियों और भामाशाहों का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। हृदय रोग चिकित्सा शिविरों में सेवाएं देने वाले डॉ. सुनील जैन को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। लॉयन्स हॉस्पिटल निर्माण में विशेष सहयोग देने वाले सदस्यों का भी अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर वर्षभर संस्था की गतिविधियों को प्रमुखता से प्रकाशित करने वाले इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया के पत्रकारों ने भी अध्यक्ष डॉ वीके गुप्ता, सचिव संजय रांवका, और कोषाध्यक्ष मनीष बंसल का सम्मान किया। इसके अलावा रामजीवन काबरा रोग निदान केन्द्र के चिकित्सकों और स्टाफ का भी क्लब की और से अभिनंदन किया गया।


बड़ी संख्या में रहे सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद


समारोह में लियो क्लब, लियो क्लब सुरभि, लॉयन्स क्लब कुचामन स्टार, लॉयन्स क्लब मकराना मार्बल सिटी सहित अनेक सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा गर्भस्थ शिशु संरक्षण समिति, कुचामन विकास समिति, अग्रवाल समाज, माहेश्वरी समाज, जैन समाज, अपना घर आश्रम, विप्र समाज, खंडेलवाल विप्र जिला महासभा सहित कई संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य कार्यक्रम में शामिल हुए। अंत में राजकीय चिकित्सालय के चिकित्सकों ने नव निर्वाचित अध्यक्ष का माल्यार्पण कर स्वागत किया।


सद्भावना यात्रा और प्रांतपाल की आधिकारिक यात्रा भी हुई


नवनिर्वाचित सचिव संजय रांका ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह से पहले क्षेत्रीय एवं संभागीय अध्यक्ष की सद्भावना यात्रा तथा कार्यक्रम के बाद प्रांतपाल की आधिकारिक यात्रा भी आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में लॉयन्स सदस्य और अतिथि शामिल हुए।


नए पदाधिकारियों ने सेवा कार्यों के जरिए इतिहास रचने की कही बात


अध्यक्ष डॉ. वी.के. गुप्ता ने कहा कि लॉयन्स क्लब की सेवा परंपरा को और मजबूत बनाया जाएगा। स्वास्थ्य, शिक्षा और जरूरतमंद लोगों की सहायता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए समाज के हर वर्ग तक क्लब की सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।


सचिव संजय रांका ने कहा कि क्लब की सभी सेवा परियोजनाओं को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक युवाओं और समाजसेवियों को क्लब से जोड़कर जनहित के कार्यों का दायरा बढ़ाया जाएगा।


कोषाध्यक्ष मनीष बंसल ने कहा कि क्लब की वित्तीय व्यवस्था को पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित किया जाएगा। हर सेवा परियोजना में सदस्यों के सहयोग का बेहतर उपयोग करते हुए समाजहित के कार्यों को नई गति दी जाएगी।

error: News 1 Rajasthan