महंगाई के दौर में मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत, कुचामन में 1 नवंबर से शुरू होगा हमीदिया चेरिटेबल ट्रस्ट हॉस्पिटल एवं जांच केंद्र

बाजार की तुलना में आधी कीमत पर मिलेंगी विभिन्न जांच सुविधाएं, ‘नो प्रॉफिट-नो लॉस’ के सिद्धांत पर संचालित होगा संस्थान,

भविष्य में MRI, सिटी स्कैन और डायलिसिस सहित विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं शुरू करने की भी तैयारी

कुचामन सिटी। चिकित्सा सुविधाओं के लगातार महंगे होते खर्च के बीच कुचामन सिटी के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब आमजन और जरूरतमंद परिवारों को कम कीमत पर बेहतर चिकित्सा और जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहर में हमीदिया चेरिटेबल ट्रस्ट हॉस्पिटल एवं जांच केंद्र की शुरुआत 1 नवंबर 2026 से होने जा रही है। राजकीय जिला अस्पताल के पास स्थापित इस संस्थान का शुभारंभ रविवार सुबह 11 बजे होगा।

‘आपका स्वास्थ्य, हमारी प्राथमिकता’ के ध्येय वाक्य के साथ शुरू होने जा रहा यह संस्थान विशेष रूप से उन लोगों के लिए मददगार साबित हो सकता है, जिन्हें आर्थिक परेशानियों के चलते महंगी जांच और चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

ट्रस्ट के अध्यक्ष हाजी अब्दुल हमीद मौलानी ने बताया कि संस्थान शुरू करने के पीछे मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद और आम नागरिकों को वाजिब एवं कम कीमत पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। वर्तमान समय में निजी अस्पतालों और जांच केंद्रों में चिकित्सा जांच का खर्च लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत देने के लिए हमीदिया चेरिटेबल ट्रस्ट हॉस्पिटल एवं जांच केंद्र को ‘नो प्रॉफिट-नो लॉस’ (बिना लाभ, बिना हानि) के सिद्धांत पर संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का प्रयास रहेगा कि आर्थिक स्थिति किसी भी व्यक्ति के बेहतर स्वास्थ्य और जरूरी जांच के रास्ते में बाधा नहीं बने।

बाजार से लगभग आधी कीमत पर होंगी जांचें

ट्रस्ट से जुड़े लियाकत अली टाक, सलीम मौलानी और अब्दुल हकीम मौलानी ने बताया कि 1 नवंबर से संस्थान में एक्स-रे, सोनोग्राफी सहित करीब 200 प्रकार की जांचों की सुविधा उपलब्ध करवाने की योजना है। इन जांचों के लिए मरीजों से बाजार में अन्य निजी लैब और जांच केंद्रों की ओर से लिए जाने वाले शुल्क की तुलना में लगभग आधी कीमत ही ली जाएगी।

उन्होंने बताया कि संस्थान का उद्देश्य चिकित्सा जांच को आमजन की पहुंच में लाना है, ताकि लोगों को जरूरी जांच करवाने के लिए अधिक आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़े। शुरुआती चरण में पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और ईसीजी जैसी सुविधाओं के साथ दवाइयों की फार्मेसी तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयास रहेंगे।

आगामी दिनों में MRI, सिटी स्कैन और डायलिसिस की सुविधा भी होगी शुरू

ट्रस्ट के सचिव मोहम्मद हुसैन मौलानी ने बताया कि संस्थान की शुरुआत के बाद चिकित्सा सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जाएगा। आगामी दिनों में इको, MRI, सिटी स्कैन और डायलिसिस, फार्मेसी (दवाइयां) जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं शुरू करने की योजना है। इसके साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओपीडी सेवाएं तथा आधुनिक तकनीकों से लैस ऑपरेशन थियेटर भी विकसित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ट्रस्ट का प्रयास है कि कुचामन और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को छोटी-बड़ी जांच और उपचार के लिए दूसरे शहरों की ओर नहीं जाना पड़े तथा उन्हें स्थानीय स्तर पर ही सुलभ और किफायती चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप

हमीदिया चेरिटेबल ट्रस्ट हॉस्पिटल एवं जांच केंद्र के शुभारंभ को लेकर ट्रस्ट की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। संस्थान से जुड़े पदाधिकारी और सदस्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने में जुटे हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि संस्थान का शुभारंभ 1 नवंबर 2026, रविवार को सुबह 11 बजे होगा। यह केंद्र कुचामन सिटी में राजकीय जिला अस्पताल के पास स्थापित किया गया है।
इस अवसर पर इकराम मौलानी, अकरम मौलानी, रईस मौलानी, अनवर मौलानी और मंजूर (बबलू) टाक सहित ट्रस्ट से जुड़े अन्य लोग मौजूद रहे।

हमीदिया चेरिटेबल ट्रस्ट की यह पहल यदि अपने घोषित उद्देश्य के अनुरूप कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण जांच और चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में सफल रहती है, तो महंगाई से परेशान आमजन, मध्यमवर्गीय परिवारों और जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।

error: News 1 Rajasthan