जनसेवा के संकल्प के साथ विधायक यूनुस खान ने मनाया 62वां जन्मदिवस, पूरे दिन चला सेवा और सम्मान का सिलसिला

जनसेवा के संकल्प के साथ विधायक यूनुस खान ने मनाया 62वां जन्मदिवस, पूरे दिन चला सेवा और सम्मान का सिलसिला

जरूरतमंद परिवारों को राशन किट, विशेषजनों और वृद्धजनों का सम्मान, छात्राओं से संवाद; बार संघ ने रखी ई-लाइब्रेरी की मांग

डीडवाना। डीडवाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं राजस्थान सरकार के पूर्व काबीना मंत्री यूनुस खान का 62वां जन्मदिवस शनिवार को पूरे विधानसभा क्षेत्र में ‘जन सेवा दिवस’ के रूप में मनाया गया। जन्मदिवस के अवसर पर दिनभर समाज सेवा, जनकल्याण और सम्मान से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए। जरूरतमंद परिवारों को राशन किट वितरण, मानसिक रूप से दिव्यांग एवं विशेषजनों के साथ समय बिताना, वृद्धजनों का सम्मान, छात्राओं से संवाद और अधिवक्ताओं के साथ क्षेत्र के विकास पर चर्चा कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहे। वहीं सुबह से देर शाम तक जन सेवा केन्द्र पर विधायक को शुभकामनाएं देने के लिए समर्थकों और क्षेत्रवासियों का तांता लगा रहा।

‘जन्मदिवस मेरे लिए उत्सव नहीं, सेवा का अवसर’ – विधायक खान

विधायक यूनुस खान ने कहा कि उनके लिए जन्मदिवस व्यक्तिगत उत्सव का दिन नहीं, बल्कि समाज और जरूरतमंद लोगों की सेवा करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि डीडवाना विधानसभा क्षेत्र की जनता ने उन पर तीसरी बार विश्वास जताकर विधानसभा भेजा है, जिसके लिए वे जीवनभर क्षेत्र की जनता के ऋणी रहेंगे। जनहित के कार्यों को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि आगे भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ क्षेत्र के विकास तथा जनता की सेवा के लिए कार्य करते रहेंगे।

100 से अधिक जरूरतमंद परिवारों को राशन किट वितरित

जन सेवा दिवस की शुरुआत सफा एजुकेशन वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित सेवा कार्यक्रम से हुई। यहां विधायक यूनुस खान ने चयनित 100 से अधिक जरूरतमंद परिवारों को अपने हाथों से एक महीने के लिए पर्याप्त राशन किट वितरित की। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना जनप्रतिनिधि का वास्तविक दायित्व है। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं से ऐसे सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।

विशेषजनों के बीच मनाई जन्मदिवस की खुशियां

इसके बाद विधायक यूनुस खान जीवन ज्योति समाज कल्याण सेवा संस्थान पहुंचे। यहां उन्होंने मानसिक रूप से दिव्यांग एवं विशेषजन साथियों के साथ समय बिताया और उन्हें अपने हाथों से मिठाई खिलाकर जन्मदिवस की खुशियां साझा कीं। उन्होंने संस्थान की ओर से किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के विशेषजनों के लिए किए जा रहे ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

बुजुर्गों से लिया आशीर्वाद

विधायक यूनुस खान ने स्वयं सिद्धा आश्रम पहुंचकर वहां निवासरत वृद्धजनों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने वृद्धजनों को मिठाई खिलाई और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनका सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है।

छात्राओं से बोले- बड़े सपने देखें, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें

जन सेवा दिवस की अगली कड़ी में विधायक यूनुस खान श्री बांगड़ महिला महाविद्यालय पहुंचे। यहां डीडवाना विकास परिषद समिति एवं महाविद्यालय परिवार की ओर से उनका अभिनंदन किया गया। महाविद्यालय की छात्राओं ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में यूनुस खान ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि बेटियां बड़े सपने देखें और आत्मविश्वास के साथ उन्हें पूरा करने के लिए आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत आधार है तथा बेटियों की सफलता पूरे समाज के लिए गौरव की बात है।

कोर्ट परिसर में बार संघ ने किया अभिनंदन

जन्मदिवस के अवसर पर डीडवाना बार संघ की ओर से कोर्ट परिसर में विधायक यूनुस खान का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अधिवक्ताओं ने उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

इस दौरान बार संघ की ओर से ई-लाइब्रेरी की मांग रखी गई। इस पर विधायक यूनुस खान ने कहा कि बार संघ प्रस्ताव पारित कर भेजे। उन्होंने इस महत्वपूर्ण मांग को शीघ्र पूरा कराने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।

‘डीडवाना का हर नागरिक मेरे लिए समान’ – युनूस खान

अधिवक्ताओं से संवाद के दौरान विधायक यूनुस खान ने कहा कि वे राजनीति में जरूर हैं, लेकिन उनके लिए डीडवाना विधानसभा क्षेत्र का प्रत्येक नागरिक समान है। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव और द्वेष के क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को आगे बढ़ाना उनका उद्देश्य है। जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।

जन सेवा केन्द्र पर देर शाम तक उमड़ा जनसैलाब

जन्मदिवस के अवसर पर दिनभर जन सेवा केन्द्र पर शुभकामनाएं देने वालों का सिलसिला जारी रहा। डीडवाना विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सरपंच, पार्षद, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, संस्थाओं के प्रतिनिधि, व्यापारी, शिक्षाविद्, अधिवक्ता, युवा, महिला समूह और गणमान्य नागरिकों ने विधायक यूनुस खान का साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।

इस दौरान समर्थकों और शुभचिंतकों ने विधायक यूनुस खान के स्वस्थ, दीर्घायु और सफल सार्वजनिक जीवन की कामना की। सुबह से शुरू हुआ शुभकामनाओं का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।

सेवा, सम्मान और विकास का संदेश

विधायक यूनुस खान के जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में समाज सेवा, जनकल्याण, सामाजिक समरसता और क्षेत्र के विकास का संदेश प्रमुख रूप से दिखाई दिया। जरूरतमंद परिवारों की सहायता से लेकर वृद्धजनों और विशेषजनों के बीच समय बिताने तथा बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने तक, पूरे दिन आयोजित कार्यक्रमों को ‘जन सेवा दिवस’ के रूप में प्रस्तुत किया गया।

जन्मदिवस को जनसेवा से जोड़ते हुए यूनुस खान ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि जनप्रतिनिधि का वास्तविक सम्मान तभी है, जब उसका प्रत्येक दिन समाज और जनता की सेवा के लिए समर्पित हो।

error: News 1 Rajasthan