चलती रोडवेज बस में यात्री को आया हार्ट अटैक, चालक-परिचालक ने दिखाई मानवता; पहुंचाया अस्पताल


डीडवाना | NEWS1 राजस्थान
नागौर से डीडवाना आ रही राजस्थान रोडवेज की नागौर डिपो की बस में सफर कर रहे एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने से अफरा-तफरी मच गई। केराप गांव के पास यात्री को हार्ट अटैक आने पर चालक और परिचालक ने तुरंत मानवता का परिचय देते हुए बस को अस्पताल की ओर मोड़ दिया। पहले यात्री को केराप के अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए उसे डीडवाना रेफर कर दिया गया। इसके बाद रोडवेज बस से ही उसे राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।


डीडवाना डिपो के प्रबंधक (यातायात) सुजल महर्षि ने बताया कि नागौर से डीडवाना आ रही रोडवेज बस में सफर कर रहे यात्री की केराप गांव के पास अचानक तबीयत बिगड़ गई। हार्ट अटैक की आशंका होने पर चालक और परिचालक ने बिना समय गंवाए उसे केराप के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां से चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल डीडवाना रेफर कर दिया।
रोडवेज बस के चालक और परिचालक सुनील ने तत्परता दिखाते हुए बस को सीधे राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों की जांच के बाद यात्री को मृत घोषित कर दिया गया।


मृतक की पहचान रविचंद्र के रूप में हुई है, जो तमिलनाडु का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह एक निजी कंपनी में कार्यरत था और अपने एक साथी कर्मचारी के साथ नागौर से नवलगढ़ जा रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही डीडवाना पुलिस अस्पताल पहुंची और नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। कंपनी के अधिकारियों और मृतक के परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा।


इस घटना में रोडवेज चालक और परिचालक की त्वरित सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की जा रही है। हालांकि समय पर अस्पताल पहुंचाने के बावजूद यात्री की जान नहीं बचाई जा सकी।

error: News 1 Rajasthan