कुचामन सिटी। देशभर में युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को कुचामन सिटी में जोरदार धरना-प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के आह्वान एवं पूर्व उपमुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी के निर्देशानुसार नावां विधानसभा क्षेत्र की नगर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुचामन सिटी तथा नावां के संयुक्त तत्वावधान में यह प्रदर्शन भारतीय दूरसंचार विभाग कार्यालय के सामने आयोजित किया गया।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने NEET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक मामलों की जवाबदेही तय करने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, इस विषय पर संसद में चर्चा कराने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश के छात्रों से माफी मांगने की मांग उठाई।

कुचामन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भंवर अली खान ने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर चिंतित है, लेकिन केंद्र सरकार उनकी आवाज सुनने के बजाय उसे दबाने का प्रयास कर रही है। लोकतंत्र में युवाओं की मांगों को गंभीरता से सुनना सरकार की जिम्मेदारी है। सरकार को तुरंत छात्रों के प्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी जायज मांगों का समाधान करना चाहिए।
नावां ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष उदय सिंह खारिया ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार जनभावनाओं से पूरी तरह कट चुकी है। युवाओं का सरकार से विश्वास उठता जा रहा है। यदि सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है तो उसे जनता के बीच जाकर दोबारा जनादेश लेना चाहिए।

कांग्रेस नेता एवं जाट महासभा अध्यक्ष परसाराम बुगालिया ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और उनके भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। सरकार को शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं में निष्पक्षता कायम रखनी चाहिए।
जिला उपाध्यक्ष शेर खान ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों और युवाओं पर बल प्रयोग किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। सरकार को दमन की नीति छोड़कर संवाद और समाधान का रास्ता अपनाना चाहिए।

जिला उपाध्यक्ष माधव प्रसाद धूत ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा युवाओं के समर्थन में किए गए प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत था। उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार की भी निंदा की।
प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष शेर खान, माधव प्रसाद धूत, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सतेन्द्र सारस्वत, नावां ब्लॉक अध्यक्ष उदय सिंह खारिया, कुचामन ब्लॉक अध्यक्ष भंवर अली खान, प्रदेश उपाध्यक्ष (शिक्षा प्रकोष्ठ) पवन कुमार शर्मा, जाट महासभा अध्यक्ष परसाराम बुगालिया, मुन्नाराम फौजी, पूर्व पार्षद फजलुर्रहमान, इलियास गुरु, डॉ. सुनील शर्मा, महेश रांकावत, गोपाल राम, रूघाराम मेघवाल, अवधेश पारीक, अशोक सैनी, शौकत खान, उमाशंकर पंडित, भोमाराम कुमावत, सतीश बैरवा, चंद्रकला नोगिया, पूजा सोनी, नटवर शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं युवा मौजूद रहे।
