नावां, उपखंड मुख्यालय नावां के विकास की दिशा में बुधवार का दिन ऐतिहासिक रहा। राजस्थान सरकार के राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने 40.42 करोड़ रुपये की लागत से 18 बीघा भूमि पर बनने वाले राजकीय उपजिला चिकित्सालय के नए भवन का वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत शिलान्यास किया। करीब चार वर्षों से चली आ रही क्षेत्रवासियों की मांग पूरी होने पर शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खुशी का माहौल देखने को मिला।

वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हुआ शिलान्यास
शिलान्यास समारोह से पूर्व पंडित कुलदीप मिश्र ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाई। इस दौरान चिकित्सालय के डॉ. राजवीर सिंह चौधरी सहित अन्य लोगों ने पूजन में भाग लिया। इसके बाद राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश योगी, युवा नेता महेश बोहरा, राजेंद्र गुरिया, समाजसेवी मनोज गंगवाल, संवेदक कृष्ण कुमार पारीक सहित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने आधारशिला रखकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।

सरकार ,प्रत्येक नागरिक को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध – विजय सिंह चौधरी
राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। नावां क्षेत्र लंबे समय से नए अस्पताल भवन की मांग कर रहा था, जिसे आज पूरा करने का अवसर मिला है। यह भवन बनने के बाद न केवल नावां, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलेगा। सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

51 किलो की माला पहनाकर किया भव्य स्वागत
कार्यक्रम के दौरान भाजपा युवा मोर्चा की ओर से राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी का 51 किलो की माला पहनाकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने नए अस्पताल भवन को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए खुशी जताई।

साबू और पूनिया परिवार ने दिखाई सामाजिक सरोकार की मिसाल
नए उपजिला चिकित्सालय को बस स्टैंड से जोड़ने के लिए साबू परिवार ने अपने निजी आवास की भूमि में से करीब 50 फीट चौड़ा रास्ता उपलब्ध करवाया। वहीं पूनिया परिवार ने भी अस्पताल तक पहुंच मार्ग के लिए अपनी भूमि उपलब्ध कराई।राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने दोनों परिवारों की जनहित में की गई इस पहल की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया। क्षेत्रवासियों ने कहा कि दोनों परिवारों के इस सहयोग से भविष्य में अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी।

क्षेत्र को मिलेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं
40.42 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस आधुनिक उपजिला चिकित्सालय भवन के निर्माण के बाद नावां सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। क्षेत्रवासियों ने इसे नावां के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

