डीडवाना। शहर में वर्षों से लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी गंदे पानी की निकासी और जलभराव की समस्या के समाधान की दिशा में अब ठोस पहल होती नजर आ रही है। इस गंभीर जनहित मुद्दे को लेकर भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा ने जयपुर पहुंचकर राजस्थान शहरी बुनियादी ढांचा विकास परियोजना (RUIDP) के वरिष्ठ अधिकारियों से विशेष बैठक कर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों और मुख्य इलाकों में बरसात तथा नियमित जल निकासी की व्यवस्था कमजोर होने से उत्पन्न हो रही समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। जोधा ने अधिकारियों को बताया कि कई क्षेत्रों में गंदा पानी सड़कों और गलियों में जमा होने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण यातायात प्रभावित होता है, वहीं मच्छरों और गंदगी के चलते मौसमी बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है।

बैठक के दौरान RUIDP अधिकारियों ने बताया कि डीडवाना शहर के लिए ड्रेनेज सिस्टम को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार किया जा चुका है। योजना के तहत गंदे पानी की निकासी, बरसाती पानी के उचित प्रवाह और जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर तकनीकी समाधान प्रस्तावित किए गए हैं। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि योजना को जल्द अंतिम रूप देकर कार्य शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा ने कहा कि डीडवाना शहर की यह समस्या लंबे समय से आमजन के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। उन्होंने कहा, “शहर के लोगों को गंदगी और जलभराव से राहत दिलाना हमारी प्राथमिकता है। इस विषय को गंभीरता से अधिकारियों के सामने रखा गया है और सकारात्मक चर्चा हुई है। उम्मीद है कि जल्द ही कार्य शुरू होने से शहरवासियों को स्थायी राहत मिलेगी।”

उन्होंने कहा कि शहर के विकास और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा आमजन से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल को सकारात्मक बताते हुए उम्मीद जताई है कि लंबे समय से चली आ रही समस्या का अब स्थायी समाधान हो सकेगा।
