नावां में दिनदहाड़े लाखों की चोरी: डॉक्टर के पास गए दंपती, पीछे से सूने घर में घुसे बदमाश… बेटी लौटी तो बिखरा पड़ा था पूरा आशियाना

नावां में दिनदहाड़े लाखों की चोरी: डॉक्टर के पास गए दंपती, पीछे से सूने घर में घुसे बदमाश… बेटी लौटी तो बिखरा पड़ा था पूरा आशियाना

मालियों की ढाणी में लाखों की चोरी, जेवर-नकदी के साथ जमीनों के दस्तावेज भी ले उड़े चोर

डीडवाना-कुचामन जिले के नावां उपखंड मुख्यालय में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज चोरी की वारदात ने एक बार फिर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। पुरानी रेलवे स्टेशन रोड स्थित मालियों की ढाणी में बदमाशों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, जरूरी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सामान पर हाथ साफ कर दिया। वारदात इतनी सुनियोजित थी कि चोर घर का कोना-कोना खंगालकर आराम से फरार हो गए और किसी को भनक तक नहीं लगी।


जानकारी के अनुसार राजकुमार चौधरी का परिवार शुक्रवार सुबह घर से बाहर अपने अपने कामों में व्यस्त था। बच्चे स्कूल गए हुए थे, जबकि करीब 11 बजे पति-पत्नी गायनिक चिकित्सक के पास चले गए। इसी दौरान बदमाशों ने बंद मकान को निशाना बनाया। दोपहर में जब उनकी बेटी सोनाक्षी स्कूल से घर पहुंची तो मुख्य दरवाजों के टूटे ताले और अंदर बिखरा सामान देखकर सहम गई। घबराई बच्ची तुरंत पड़ोसियों के पास पहुंची और परिजनों को सूचना दी। परिवार मौके पर पहुंचा तो घर का हर कमरा अस्त-व्यस्त मिला।
पीड़ित परिवार के मुताबिक बदमाश करीब साढ़े तीन लाख रुपए नकद, लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और कई कीमती सामान चुरा ले गए। चोरी हुए जेवरों में सोने की कंठी, हार, मंगलसूत्र, अंगूठियां, कानों के जेवर, रखड़ी सेट, बच्चों के लॉन्ग और चांदी की पायजेब, बिछुड़ी व सिक्के शामिल हैं। इसके अलावा एलईडी टीवी, मोबाइल फोन, घड़ियां, कपड़े और सूटकेस भी गायब मिले। सबसे चिंता की बात यह रही कि चोर जमीनों की रजिस्ट्री, बॉन्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी साथ ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। डीडवाना से एफएसएल टीम बुलाकर घर के हर हिस्से की जांच करवाई गई और साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा ने बताया कि चोरी की वारदात गंभीर है और पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। एफएसएल टीम की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए हैं तथा जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।


वहीं वृत्ताधिकारी मुकेश चौधरी ने कहा कि पुलिस आसपास के संदिग्ध लोगों और आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम लगाई गई है।


गौरतलब है कि मालियों की ढाणी क्षेत्र में यह लगातार दूसरी बड़ी चोरी की वारदात है। पिछली घटना का अब तक खुलासा नहीं होने से स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासियों ने रात गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

error: News 1 Rajasthan