मकराना में नए न्यायालय भवन का भूमि पूजन कल,वर्षों की मांग होने जा रही पूरी


डीडवाना-कुचामन जिले के मकराना क्षेत्र में लंबे समय से अधिवक्ताओं और आमजन द्वारा की जा रही नए न्यायालय भवन की मांग अब पूरी होने जा रही है। इस ऐतिहासिक अवसर पर कल रविवार, 19 अप्रैल को सुबह 9:15 बजे नवीन न्यायालय परिसर का भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसे लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश माननीय संजीव प्रकाश शर्मा होंगे, जबकि माननीय न्यायाधीश रवि चिरानिया भी विशिष्ट उपस्थिति दर्ज कराएंगे। इसके साथ ही डीडवाना-कुचामन के जिला एवं सत्र न्यायाधीश नाहर सिंह मीणा की गरिमामयी मौजूदगी रहेगी।


मकराना का वर्तमान न्यायालय भवन काफी पुराना और छोटा होने के कारण अधिवक्ताओं और आमजन दोनों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। खासतौर पर बारिश के दिनों में परिसर में पानी भरने से स्थिति और गंभीर हो जाती थी। ऐसे में नए भवन का निर्माण इन सभी समस्याओं से राहत दिलाने वाला साबित होगा।


बार संघ मकराना के अध्यक्ष एडवोकेट अकबर अली ने इस अवसर को अधिवक्ताओं के वर्षों के संघर्ष की जीत बताते हुए कहा कि यह केवल भवन का निर्माण नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। इससे आमजन को बेहतर सुविधाएं और त्वरित न्याय मिल सकेगा।


वहीं अधिवक्ता अब्दुल मतीन ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि लंबे समय से हम सभी इस दिन का इंतजार कर रहे थे। नए न्यायालय भवन से न केवल कामकाज सुगम होगा, बल्कि मकराना की न्यायिक पहचान भी और मजबूत होगी।


इसी क्रम में अभिभाषक संघ मकराना के अन्य पदाधिकारियों ने भी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
संरक्षक गणपतलाल टांक ने कहा कि यह निर्णय अधिवक्ताओं और आमजन दोनों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा। महासचिव सिकंदर खान ने इसे न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने वाला कदम बताया।

उपाध्यक्ष विजय सिंह राजपुरोहित ने कहा कि नए भवन से अधिवक्ताओं के कार्य में तेजी आएगी और बेहतर वातावरण मिलेगा। सचिव मोहम्मद शरीफ चौधरी ने उम्मीद जताई कि इससे आमजन को न्याय प्रक्रिया में सहूलियत मिलेगी। कोषाध्यक्ष साजिद खान ने इसे लंबे संघर्ष का सकारात्मक परिणाम बताया, वहीं पुस्तकालय अध्यक्ष सुश्री सारिका खंडेलवाल ने कहा कि नए परिसर में बेहतर संसाधनों के साथ अधिवक्ताओं को अधिक सुविधा प्राप्त होगी।
कार्यक्रम में बार संघ मकराना के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में अधिवक्ता व क्षेत्रवासी मौजूद रहेंगे।

error: News 1 Rajasthan