आत्मविश्वास, दृढ़ निश्चय और सकारात्मक प्रयास ही सफलता की कुंजी : तरुणा बोहरा


लाडनूं। जैन विश्वभारती संस्थान के अहिंसा एवं शांति विभाग द्वारा शनिवार को प्रेरणादायक अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता श्रीमती तरुणा बोहरा ने ‘जर्नी ऑफ कॉन्फिडेंस, चॉइस एंड सक्सेस’ विषय पर व्याख्यान देते हुए विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
अपने संबोधन में तरुणा बोहरा ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए केवल प्रतिभा ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, दृढ़ निश्चय और निरंतर सकारात्मक प्रयास भी आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, स्वयं पर विश्वास रखने और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनौतियों का सामना धैर्य और आत्मबल के साथ करने वाले ही अपने सपनों को साकार कर पाते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अहिंसा एवं शांति विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. वंदना कुंडलिया ने कहा कि तरुणा बोहरा का व्याख्यान विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं जीवन निर्माण में अत्यंत प्रेरणादायक और उपयोगी सिद्ध होगा।
इससे पूर्व मुख्य वक्ता तरुणा बोहरा का सम्मान किया गया। विभागाध्यक्ष प्रो. वंदना कुंडलिया ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं, आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य एवं विभाग के संकाय सदस्य डॉ. रविंद्र सिंह राठौड़ ने बुके भेंट किया तथा डॉ. बलबीर सिंह ने संस्थान का प्रतीक चिन्ह प्रदान कर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. लिपि जैन ने किया। इस अवसर पर अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. रेखा तिवारी, शिक्षा विभागाध्यक्ष प्रो. बी.एल. जैन, योग एवं जीवन विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. युवराज सिंह खंगारोत, जैन विद्या एवं तुलनात्मक धर्म एवं दर्शन विभागाध्यक्ष डॉ. रामदेव साहू सहित विभिन्न विभागों के संकाय सदस्य, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

error: News 1 Rajasthan