लाडनूं शहर के बस स्टैंड के पास आर्य समाज मंदिर परिसर में स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के एटीएम की हालत इन दिनों गंभीर चर्चा का विषय बनी हुई है। बैंक के इसी भवन के ग्राउंड फ्लोर में संचालित एटीएम की स्थिति इतनी खराब बताई जा रही है कि स्थानीय लोग इसकी तुलना सार्वजनिक शौचालय से भी बदतर हालात से कर रहे हैं। गंदगी, बदबू, पान-गुटखा की पीक, खुले बिजली के तार और प्रवेश द्वार पर अतिक्रमण जैसी समस्याओं ने ग्राहकों की परेशानी बढ़ा दी है ।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बैंक प्रबंधन की लगातार अनदेखी और लापरवाही के चलते एटीएम की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग यहां नकदी निकालने पहुंचते हैं, लेकिन उन्हें पहले बदहाल व्यवस्था से जूझना पड़ता है। ग्राहकों का आरोप है कि बैंक अपनी ही संपत्ति की देखरेख करने में विफल साबित हो रहा है।

एटीएम के बाहर सब्जी विक्रेताओं का कब्जा, ग्राहकों को आने-जाने में परेशानी
एटीएम के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने सब्जी विक्रेताओं द्वारा कैरेट, कट्टे और अन्य सामान रख दिए जाने से ग्राहकों को अंदर प्रवेश करने में भारी दिक्कत होती है। कई बार दरवाजा तक आधा बंद नजर आता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ लोग एटीएम परिसर का उपयोग सामान रखने के लिए नियमित रूप से करते हैं, जिससे बैंक ग्राहकों को परेशानी उठानी पड़ती है। ग्राहकों का कहना है कि हालात इतने खराब हैं कि कई लोग इस एटीएम से वापस लौटकर शहर के अन्य बैंकों के एटीएम की ओर रुख कर लेते हैं।

अंदर फैली गंदगी और बदबू से लोग परेशान
किसी तरह अंदर पहुंचने पर ग्राहकों को बदबू और गंदगी का सामना करना पड़ता है। एटीएम के भीतर चारों ओर पान-गुटखा की पीक दीवारों और कोनों पर जमी हुई दिखाई देती है। फर्श पर कचरा फैला रहता है और वहां उचित सफाई व्यवस्था नजर नहीं आती।
ग्राहकों के लिए कोई डस्टबिन नहीं होने से लोग एटीएम पर्चियां इधर-उधर फेंक देते हैं, जिससे स्थिति और खराब हो जाती है। वहीं सफाई के नाम पर रखी गई झाड़ू भी एटीएम मशीन के सामने पड़ी रहती है, जिससे लोग असहज महसूस करते हैं।

खुले बिजली के तार बढ़ा रहे हादसे का खतरा
एटीएम के भीतर बिजली के तार और वायरिंग खुले व बेतरतीब तरीके से लटकी हुई दिखाई देती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। गर्मी के मौसम में एटीएम में एयर कंडीशनर की सुविधा भी नहीं है, जबकि दरवाजा दिनभर खुला रहने से अंदर गर्म हवा और धूल भरती रहती है।
लोगों ने उठाए बैंक प्रबंधन पर सवाल
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बैंक के ऊपर ही प्रशासनिक कार्यालय होने के बावजूद व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया जा रहा। लोगों का आरोप है कि बैंक प्रबंधन रोजाना सीसीटीवी में इन हालातों को देखता है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं हो रहा।

शहरवासियों ने बैंक प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, अतिक्रमण हटाने और सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि ग्राहकों को राहत मिल सके और किसी संभावित हादसे से बचा जा सके।
