कुचामन में गूंजी छात्रों की आवाज: NSUI राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने पेपर लीक पर केंद्र सरकार को घेरा । युवाओं के अधिकारों की लड़ाई तेज करने का आह्वान

कुचामन में गूंजी छात्रों की आवाज: NSUI राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने पेपर लीक पर केंद्र सरकार को घेरा, 

युवाओं के अधिकारों की लड़ाई तेज करने का आह्वान

कुचामन सिटी। डीडवाना-कुचामन जिले के कुचामन सिटी स्थित बुडसू रोड के वृंदावन मैरिज गार्डन में एनएसयूआई के तत्वावधान में आयोजित “छात्रों की गूंज” छात्र युवा सम्मेलन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। सम्मेलन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने भाग लेकर शिक्षा, रोजगार, निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की।

कार्यक्रम में एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उनके साथ पूर्व उपमुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह चौधरी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं मकराना विधायक जाकिर हुसैन गैसावत, परबतसर विधायक रामनिवास गावड़िया, एनएसयूआई डीडवाना-कुचामन जिलाध्यक्ष रामनिवास गोयल, नागौर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष समीर खान सहित कांग्रेस और एनएसयूआई के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सम्मेलन में छात्र हितों, शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई तथा युवाओं के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। कुचामन आगमन पर राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ का ऐतिहासिक स्वागत किया गया,  कुचामन में जगह जगह जेसीबी के जरिए पुष्प वर्षा की गई इसके साथ ही विनोद जाखड़ के नेतृत्व में  मशाल जुलूस निकाला गया और केंद्र और राज्य सरकार को युवाओं के लिए किए गए वादे याद दिलाएं गए । 

विनोद जाखड़ बोले— पेपर लीक ने युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला

मुख्य कार्यक्रम में एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने अपने संबोधन में नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में हुए पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय किया है और युवाओं का व्यवस्था से विश्वास कमजोर हुआ है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बचाने में लगी है, जबकि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा शुरू किया गया “छात्रों की गूंज” अभियान युवाओं को बड़े सपने देखने का अधिकार दिलाने, निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और शिक्षा प्रणाली में बुनियादी सुधार लाने का अभियान है।

महेंद्र चौधरी बोले— युवाओं के भविष्य से समझौता बर्दाश्त नहीं

पूर्व उपमुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने लाखों युवाओं की मेहनत पर पानी फेर दिया है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और छात्र हितों की आवाज विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाई जाएगी।

सारिका सिंह चौधरी ने कहा— पेपर लीक के खिलाफ लड़ाई जन आंदोलन बन चुकी है

महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह चौधरी ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक ने लाखों मेहनती युवाओं के सपनों को तोड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक के कारण कई युवाओं ने मानसिक तनाव झेला और कई मामलों में आत्महत्या जैसी दुखद घटनाएं भी सामने आईं, लेकिन सरकार संवेदनशीलता नहीं दिखा रही।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में युवाओं के अधिकारों की यह लड़ाई अब जन आंदोलन का रूप ले चुकी है। कांग्रेस और एनएसयूआई तब तक संघर्ष जारी रखेंगे, जब तक पेपर लीक माफिया पर कठोर कार्रवाई नहीं होती और युवाओं को न्याय नहीं मिलता।

जाकिर हुसैन गैसावत बोले— शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता जरूरी

कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं मकराना विधायक जाकिर हुसैन गैसावत ने कहा कि युवाओं को निष्पक्ष परीक्षा और रोजगार का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

रामनिवास गावड़िया बोले— छात्र शक्ति बदलाव की सबसे बड़ी ताकत

परबतसर विधायक रामनिवास गावड़िया ने कहा कि छात्र और युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि युवाओं के साथ अन्याय होगा तो लोकतांत्रिक तरीके से उसकी आवाज पूरे प्रदेश में गूंजेगी। उन्होंने छात्रों से संगठित रहकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।

रामनिवास गोयल ने जताया सभी का आभार

एनएसयूआई डीडवाना-कुचामन जिलाध्यक्ष रामनिवास गोयल ने सम्मेलन की ऐतिहासिक सफलता पर सभी छात्र-छात्राओं, युवा साथियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, मीडिया प्रतिनिधियों तथा सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्र शक्ति की आवाज और उनके अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने का संकल्प है। सम्मेलन में मिली अभूतपूर्व भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि युवा शिक्षा की गुणवत्ता, रोजगार के अवसर, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और छात्र हितों के मुद्दों को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एनएसयूआई भविष्य में भी छात्रों की हर समस्या और अधिकार की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी।

समीर खान बोले— युवाओं की आवाज अब दबने वाली नहीं

नागौर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष समीर खान ने कहा कि छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर पूरे प्रदेश के युवा एकजुट हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर एनएसयूआई लगातार संघर्ष कर रही है और युवाओं की आवाज को हर मंच तक पहुंचाया जाएगा।

बड़ी संख्या में पहुंचे छात्र-युवा

सम्मेलन में महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष कोमल लाडना, पूर्व सभापति आसिफ खान ,हेमराज चावला,सहित कांग्रेस और एनएसयूआई के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान छात्र हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

error: News 1 Rajasthan