कुचामन सिटी। कुचामन की धरती के लाल और देश के जाने – माने प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. बंशी साबू ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए तुर्की के इस्तांबुल में आयोजित यूरोपियन कांग्रेस ऑफ ओबेसिटी (ECO) में संबोधन दिया। इस उपलब्धि से कुचामन सहित पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है।

डॉ. साबू ने एशियन ओशिनियन सोसाइटी ऑफ ओबेसिटी (AOSO) द्वारा आयोजित “सारकोपेनिक ओबेसिटी” विषयक संगोष्ठी में विशेषज्ञ वक्ता के रूप में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने मोटापे और मांसपेशियों की कमजोरी से जुड़ी स्वास्थ्य चुनौतियों पर अपने विचार साझा किए।
इस्तांबुल में आयोजित यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन विश्वभर के चिकित्सा विशेषज्ञों का बड़ा आयोजन रहा, जिसमें 5 हजार से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में आधुनिक चिकित्सा शोध, नई तकनीकों और स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।

डॉ. बंशी साबू ने इस अवसर के लिए AOSO अध्यक्ष डॉ. किम, EASO अध्यक्ष एवं ECO आयोजक डॉ. वोल्का तथा AIIARO अध्यक्ष डॉ. मक्कर का आभार जताया। साथ ही उन्होंने डॉ. नीता, डॉ. अश्विन और डॉ. शेहनाज़ के सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया।गौरतलब है कि डॉक्टर बंशी साबू बरसों से अहमदाबाद में प्रवास कर रहे हैं और वही से चिकित्कीय सेवाएं दे रहे हैं ।
कुचामन के सपूत डॉ बंशी साबू की इस उपलब्धि को गौरवपूर्ण बताते हुए कुचामन विकास समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश काबरा सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने शुभकामनाएं दी हैं।
