तपती धूप बनी खतरा: डीडवाना-कुचामन जिले में हीट वेव अलर्ट जारी, दोपहर 12 से 4 बजे तक घर में रहने की सलाह

जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर,
अस्पतालों में विशेष इंतजाम

डीडवाना-कुचामन जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। मौसम में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बीच आमजन को लू (हीट वेव) और तापघात से बचाने के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की गई है। प्रशासन ने लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

जिला कलक्टर अवधेश मीणा ने बताया कि आगामी दिनों में जिले का तापमान और अधिक बढ़ सकता है, जिसके चलते हीट वेव की स्थिति गंभीर रूप ले सकती है। उन्होंने कहा कि आमजन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बिना जरूरी कार्य के बाहर निकलने से बचें और तेज धूप से स्वयं का बचाव करें। जिला प्रशासन ने सभी विभागों को सतर्क रहने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी ने कहा कि अत्यधिक गर्मी के कारण शरीर में पानी और लवण की कमी तेजी से हो सकती है, जिससे लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि लू के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, अत्यधिक प्यास लगना, चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी, कमजोरी, घबराहट और बेहोशी शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेना जरूरी है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी में लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, ओआरएस, नींबू पानी, छाछ एवं तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है। बाहर निकलते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढकने, हल्के रंग के ढीले एवं सूती कपड़े पहनने तथा धूप में भारी शारीरिक कार्य से बचने को कहा गया है।

सीएमएचओ डॉ. नरेंद्र चौधरी ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों का अतिरिक्त ध्यान रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लू लगने की आशंका हो तो उसे तुरंत छायादार या ठंडी जगह पर लिटाएं, ठंडे पानी की पट्टियां लगाएं तथा होश में होने पर पानी या ओआरएस पिलाएं। गंभीर स्थिति होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या 108 एम्बुलेंस सेवा से संपर्क करें।


स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में हीट वेव प्रबंधन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयां, ओआरएस पैकेट, पेयजल और आपात उपचार सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा गया है, ताकि किसी भी स्थिति में मरीजों को तुरंत राहत मिल सके।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि तेज धूप में शराब या अन्य मादक पदार्थों का सेवन न करें और किसी भी व्यक्ति, खासकर बच्चों या बुजुर्गों को बंद वाहन में अकेला न छोड़ें। प्रशासन ने जारी एडवाइजरी में कहा है कि “सावधानी ही बचाव है”, इसलिए सभी नागरिक स्वास्थ्य विभाग की सलाह का पालन करें और खुद के साथ अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

error: News 1 Rajasthan