डीडवाना-कुचामन जिले के कुचामन सिटी उपखंड का मंडावरा गांव पिछले कई दशकों से रेल पटरियों की वजह से गंभीर समस्याओं का सामना कर रहा है। जयपुर-जोधपुर रेल मार्ग निर्माण के दौरान बिछाई गई रेल पटरियां गांव के बीचों-बीच से निकाली गई थीं, जिससे पूरा गांव दो हिस्सों में बंट गया। एक ओर गांव की अधिकांश आबादी बस गई, जबकि दूसरी ओर ग्रामीणों के खेत, श्मशान घाट और कुछ आबादी का हिस्सा रह गया।
रेलवे स्टेशन बना, लेकिन गांव की परेशानी बढ़ती गई
मंडावरा में ही उस समय कुचामन रेलवे स्टेशन भी बनाया गया था। तब से लेकर आज तक गांव के लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी रेल पटरियों से प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों को खेतों तक पहुंचने, आवाजाही करने और कई जरूरी कार्यों के लिए हर दिन रेल पटरियां पार करनी पड़ती हैं।

शव यात्रा निकालना भी बना खतरे से भरा सफर
सबसे ज्यादा परेशानी और भय का माहौल उस समय बन जाता है जब गांव में किसी व्यक्ति का निधन हो जाता है। शव यात्रा को गांव के एक हिस्से से दूसरे हिस्से स्थित श्मशान घाट तक ले जाने के लिए रेल पटरियां पार करनी पड़ती हैं। इस दौरान हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है।

बना अंडरपास, लेकिन ग्रामीण बोले— “काम का नहीं”
ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद रेल लाइन डबलिंग के दौरान कुछ वर्ष पहले एक अंडरपास बनाया गया, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि यह अंडरपास इतना संकरा और छोटा है कि उसमें से सामान्य व्यक्ति तक ठीक से नहीं निकल सकता। ऐसे में शव यात्रा निकालना तो लगभग असंभव हो जाता है।
“तीन दिन पहले टला बड़ा हादसा” — सरपंच गोविंद सिंह
क्षेत्र के प्रशासक सरपंच गोविंद सिंह ने बताया कि जब भी गांव में शव यात्रा निकलती है और लोगों को रेल पटरियां पार करनी पड़ती हैं, तब दुर्घटना का डर बना रहता है। उन्होंने बताया कि तीन दिन पहले भी एक शव यात्रा के दौरान बड़ा हादसा होते-होते बचा।

नए अंडरपास की स्वीकृति, लेकिन शुरू नहीं हुआ काम
सरपंच ने कहा कि ग्रामीणों की मांग पर रेलवे प्रशासन ने नए और पर्याप्त चौड़ाई वाले अंडरपास की स्वीकृति जारी कर दी है। जानकारी के अनुसार इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। ग्रामीण इसके लिए ठेकेदार को जिम्मेदार बता रहे हैं। उनका कहना है कि निर्माण सामग्री आने के बावजूद ठेकेदार काम शुरू नहीं कर रहा, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
स्टेशन मास्टर को सौंपा ज्ञापन, जल्द निर्माण शुरू करने की मांग
अंडरपास निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से आक्रोशित मंडावरा गांव के लोगों ने आज कुचामन सिटी रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर को ज्ञापन सौंपकर जल्द निर्माण कार्य शुरू करवाने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।

ग्रामीणों की मांग — “स्थायी समाधान चाहिए”
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों पुरानी इस समस्या का अब स्थायी समाधान किया जाए। नियमों के अनुरूप पर्याप्त चौड़ाई वाला अंडरपास शीघ्र बनाया जाए, ताकि गांव के लोगों को राहत मिल सके और भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका समाप्त हो सके।
