बाजारों में रही रौनक, घरों और प्रतिष्ठानों पर हुई आकर्षक सजावट, रामा-श्यामा के दौरान जनप्रतिनिधियों के आवासों पर लगा लोगों का तांता
कुचामन सिटी। शहर में इस बार भी दीपावली का पर्व परंपरागत श्रद्धा, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रविवार को दीपावली की शाम पूरा कुचामन शहर दीपों की रोशनी, रंग-बिरंगी विद्युत सजावट और आतिशबाजी से जगमगा उठा। शहर के बाजारों से लेकर गली-मोहल्लों तक दीपावली की रौनक देखने को मिली।
दीपावली को लेकर सुबह से ही बाजारों में लोगों की भारी भीड़ रही। लोगों ने लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, दीपक, मिठाइयां, कपड़े और आतिशबाजी सहित अन्य जरूरी सामानों की जमकर खरीदारी की। मुख्य बाजार, सदर बाजार, बस स्टैंड रोड और स्टेशन रोड पर दिनभर चहल-पहल बनी रही।



शाम होते ही घरों और प्रतिष्ठानों में दीप प्रज्वलित किए गए। लोगों ने अपने घरों को फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया। महिलाओं ने घरों के आंगन में आकर्षक रंगोलियां बनाईं और विधि-विधान से मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
मंत्री विजय सिंह चौधरी और सभापति महेश रामचंद्रका ने किया नगर भ्रमण
दीपावली के अवसर पर राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी, सभापति महेश रामचंद्रका और उपसभापति बाबूलाल मारवाड़ा ने शहर का भ्रमण कर रोशनी एवं सजावट की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुराना बस स्टैंड से शुरू हुआ भ्रमण शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और मंदिरों से जुड़े प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान मंत्री विजय सिंह चौधरी, सभापति महेश रामचंद्रका सहित पूरी टीम ने विभिन्न स्थानों पर की गई विद्युत सजावट और रोशनी का अवलोकन किया।

इस दौरान उपसभापति बाबूलाल कुमावत, समाजसेवी श्याम सुंदर मंत्री, मोहनलाल सोनी, पार्षद अयूब शेख, हेमराज पारीक, भागीरथ कुमावत, बरखा रानी जैन, सुनील चावला, दीपचंद ट्रेलर, खेताराम सिसोदिया, विमल पारीक सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
बच्चों और युवाओं में दिखा आतिशबाजी का उत्साह
दीपावली पर बच्चों और युवाओं में आतिशबाजी को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। देर रात तक शहर के विभिन्न इलाकों में पटाखों की गूंज सुनाई देती रही। वहीं मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ भजन-कीर्तन के आयोजन भी हुए। नगर परिषद और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं सफाई व्यवस्था को लेकर इंतजाम किए गए।

आठ लक्ष्मी स्वरूप द्वार बनाने की घोषणा, लेकिन योजना धरातल पर नहीं उतरी
दीपावली से पहले नगर परिषद की ओर से शहर के सौंदर्यकरण और बाजारों की आकर्षक सजावट को लेकर बड़ी योजना की घोषणा की गई थी। नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया ने बाकायदा प्रेस बयान जारी कर कुचामन शहर के बाजारों को आठ भागों में विभाजित कर सजावट करवाने की जानकारी दी थी। सभापति महेश रामचंद्रका की ओर से भी इस योजना को लेकर दावा किया गया था।
नगर परिषद की घोषणा के अनुसार पुराना बस स्टैंड से जवाहर स्कूल, पुराना बस स्टैंड से तहसील कार्यालय, पुराना बस स्टैंड से विनायक कॉम्प्लेक्स, शाहजी का बगीचा क्षेत्र, बालाजी बाजार क्षेत्र, सदर बाजार क्षेत्र, सब्जी मंडी-नाला बाजार से कल्याण मंडपम तक तथा कपड़ा मार्केट से कुमावत कॉम्प्लेक्स तक कुल आठ क्षेत्रों में सजावट की जानी थी।

योजना के तहत मां लक्ष्मी के आठ स्वरूपों के प्रतीकात्मक द्वार बनाए जाने प्रस्तावित थे। साथ ही बाजारों के बीच सजावट को लेकर प्रतिस्पर्धा भी रखी गई थी। नगर परिषद की और से दी गई जानकारी के अनुसार निरीक्षण के बाद प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वाले बाजारों को गणतंत्र दिवस पर सम्मानित किया जाना था। प्रथम स्थान वाले बाजार में 4 लाख, द्वितीय स्थान वाले बाजार में 2 लाख और तृतीय स्थान वाले बाजार में 1 लाख रुपये तक के विकास एवं सौंदर्यकरण कार्य पुरस्कार स्वरूप करवाने की घोषणा की गई थी।
हालांकि, दीपावली का पर्व बीत जाने के बाद भी घोषणा के अनुरूप आठ लक्ष्मी स्वरूप द्वार नजर नहीं आए। ऐसे में नगर परिषद की ओर से जारी प्रेस बयान और सभापति के दावों के बावजूद यह योजना धरातल पर साकार होती दिखाई नहीं दी। बड़े स्तर पर की गई इस घोषणा के क्रियान्वयन नहीं होने से शहर के आमजन और व्यापारियों में निराशा देखने को मिली।
वहीं, इस मुद्दे को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस के नेताओं ने भी भाजपा के सभापति और नगर परिषद बोर्ड को निशाने पर लिया। कांग्रेस नेताओं ने घोषणा और वास्तविक स्थिति के बीच अंतर को लेकर सवाल उठाए। कुल मिलाकर दीपावली पर शहर में रोशनी और सजावट तो देखने को मिली, लेकिन आठ विशेष द्वारों और बाजारों के सौंदर्यकरण को लेकर की गई घोषणा पूरी नहीं होने का मुद्दा चर्चा का विषय बना रहा।
रामा-श्यामा पर जनप्रतिनिधियों के आवासों पर लगा लोगों का तांता
दीपावली के अगले दिन सोमवार को शहर में रामा-श्यामा का दौर चला। सुबह से ही क्षेत्रवासी एक-दूसरे के घर पहुंचकर दीपावली की शुभकामनाएं देते और बड़ों का आशीर्वाद लेते नजर आए। पूरे दिन लोगों के बीच मेल-मिलाप और मिठाई बांटने का सिलसिला जारी रहा।


इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के आवासों पर भी समर्थकों और क्षेत्रवासियों की अच्छी-खासी आवाजाही रही। राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी और पूर्व उप मुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी के कुचामन स्थित आवासों पर सुबह से देर शाम तक लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। दोनों जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रवासियों और समर्थकों से मुलाकात कर रामा-श्यामा की तथा उनका मुंह मीठा कराया।
