मुख्य वक्ता शिवराज जी भाई साहब ने दिया प्रेरणादायी उद्बोधन, राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने लायंस सर्कल पर किया स्वागत
कुचामन सिटी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS), कुचामन नगर की ओर से पथ संचलन उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ शस्त्र पूजन एवं ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद पूर्ण गणवेश में स्वयंसेवकों ने कदमताल करते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से पथ संचलन किया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया गया।


पथ संचलन स्टेशन रोड से शुरू होकर पुराना बस स्टैंड, गोल प्याऊ, सदर बाजार, घाटी कुआं, नया शहर, महादेव भवन की गली, न्यू कॉलोनी, विश्वकर्मा मंदिर और नला बाजार रोड होते हुए सरला बिरला कल्याण मंडप के पास से जवाहर स्कूल होते हुए भोमराजका विद्यालय परिसर में संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया।
राजस्व राज्य मंत्री ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
पथ संचलन के दौरान लायंस सर्कल पर स्थानीय विधायक एवं राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी और सभापति महेश रामचंद्रका ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया

। इस अवसर पर उप सभापति बाबू लाल, अयूब शेख, शेखर कड़वा, रमेश चावला सहित भाजपा से जुड़े कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
मुख्य वक्ता ने रामायण के आदर्शों को जीवन में अपनाने का किया आह्वान
समापन कार्यक्रम में मुख्य वक्ता शिवराज जी भाई साहब ने अपने उद्बोधन में रामायण के विभिन्न पात्रों के जीवन चरित्र का उल्लेख करते हुए उनके त्याग, समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा, मर्यादा और धर्म के प्रति प्रतिबद्धता से प्रेरणा लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि इन आदर्शों को केवल सुनने तक सीमित न रखकर अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
उन्होंने समाज में संस्कार, सामाजिक समरसता, सेवा और राष्ट्रभावना के जागरण पर जोर देते हुए स्वयंसेवकों से अपने आचरण और कार्यों के माध्यम से समाज के सामने आदर्श प्रस्तुत करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कुचामन खंड संघचालक नवल डालूका, विभाग सह कार्यवाह रामेश्वर भाकर, विभाग कुटुंब प्रबोधन संयोजक प्रमोद कुमार और जिला प्रचारक बाबूलाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पथ संचलन के माध्यम से अनुशासन, सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया गया।
