अंडर कटिंग से खतरे में आम रास्ता: खान संख्या 2/2 पर ग्रामीणों का आरोप, प्रशासन ने 10 मीटर तक खनन पर लगाई रोक । एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, हजारों लोगों की आवाजाही वाले मार्ग की सुरक्षा की उठाई मांग

मकराना। कालानाड़ा से माताभर के बीच स्थित आम रास्ते के नीचे कथित अंडर कटिंग को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। मालियों की ढाणी, गीलों की ढाणी, जाखली, बांसड़ा, डोडवाड़ी, चावण्डिया, देवरी सहित आसपास के गांवों के लोगों ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) मकराना को ज्ञापन सौंपकर ए.एफ.जी. मार्बल माइंस की खान संख्या 2/2 के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि खान संख्या 2/2 के संचालन के दौरान आम रास्ते के नीचे लगातार खनन किया जा रहा है, जिससे सड़क कमजोर होकर धंसने की स्थिति में पहुंच गई है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

खान संख्या 2/2 पर अंडर कटिंग का आरोप

ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि खान संख्या 2/2 में लंबे समय से रास्ते के नीचे अंडर कटिंग की जा रही है। उनका आरोप है कि 29 जुलाई को भारी मशीनों की सहायता से सड़क के नीचे और अधिक खुदाई की गई, जिससे मार्ग की मजबूती पर गंभीर असर पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो सड़क धंस सकती है और जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

कई गांवों की लाइफलाइन है यह मार्ग

ग्रामीणों के अनुसार काललवानाड़ा से माताभर के बीच का यह रास्ता मालियों की ढाणी, गीलों की ढाणी सहित कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन हजारों लोग इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि सड़क के किनारे लगातार हो रहे खनन के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और पशुओं के खदान में गिरने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

पहले भी की थी शिकायत, कार्रवाई नहीं होने का आरोप

ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले को लेकर पहले भी प्रशासन को शिकायतें दी गई थीं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से स्थिति लगातार गंभीर होती चली गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो आज यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।

मौके पर पहुंची खनिज विभाग और पुलिस की टीम

ग्रामीणों के ज्ञापन और विरोध के बाद दोपहर करीब चार बजे खनिज विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान रास्ते की स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान खान संख्या 2/2 और आसपास की खानों के संचालकों के बीच भी एक-दूसरे पर अवैध खनन के आरोप लगाए गए, जबकि ग्रामीणों ने रास्ते की स्थायी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग दोहराई। मौके पर कुछ देर के लिए तीखी बहस भी हुई, जिसे अधिकारियों और मौजूद लोगों ने शांत कराया।

सड़क के दोनों ओर 10 मीटर तक खनन पर तत्काल रोक

खनिज अभियंता ललित मंगल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान रास्ते को संभावित रूप से असुरक्षित पाए जाने के बाद सड़क के दोनों ओर 10 मीटर की सीमा तक खनन कार्य तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया गया है। साथ ही संबंधित खान संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सड़क की सुरक्षा को प्रभावित करने वाला कोई भी खनन कार्य नहीं किया जाएगा।

ग्रामीणों की मांग—अंडर कटिंग पर स्थायी रोक और कानूनी कार्रवाई

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खान संख्या 2/2 में कथित अंडर कटिंग की निष्पक्ष जांच करवाई जाए, आम रास्ते को सुरक्षित बनाया जाए तथा यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित खान संचालक के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि प्रशासन को भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।

error: News 1 Rajasthan