डीडवाना-कुचामन जिले की खुनखुना थाना पुलिस ने पिस्टल दिखाकर युवती का अपहरण करने वाले तीन आरोपियों को घटना के महज दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अपहृत युवती को सकुशल बरामद करते हुए आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा और वृताधिकारी जेवू सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी अमित कुमार के नेतृत्व में खुनखुना थाना पुलिस ने यह त्वरित कार्रवाई की।
24 जुलाई 2026 को खुनखुना थाना पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम किशनपुरा में कुछ युवक घर में घुसकर परिजनों के साथ मारपीट करते हुए एक युवती का पिस्टल दिखाकर डराते हुए अपहरण कर ले गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत नाकाबंदी और पीछा शुरू किया। कार्रवाई के दौरान ग्राम पीड़वा के पास आरोपियों को घेरकर युवती को सकुशल मुक्त कराया गया तथा तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल एवं पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ खुनखुना थाने में अपहरण एवं आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है।
ASP हिमांशु शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए पीछा शुरू किया। प्रभावी नाकाबंदी और लगातार प्रयासों के चलते मात्र दो घंटे के भीतर युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया तथा तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अवैध हथियार भी बरामद कर लिए गए। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा डीडवाना-कुचामन पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी गंभीर घटना में पुलिस की कोशिश रहती है कि त्वरित कार्रवाई कर पीड़ित को सुरक्षित बचाया जाए और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। अपराधियों के खिलाफ सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
