कुचामन सिटी। लायन्स क्लब कुचामन सिटी की ओर से प्रांतपाल लायन निशांत जैन के ‘मिशन मुस्कान’ के तहत शनिवार को मातृ-पितृ चरण वंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कुचामन विकास समिति की ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ परियोजना के अंतर्गत एच.पी. काबरा गर्ल्स कॉलेज एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सेंट पॉल पब्लिक स्कूल में आयोजित हुआ।

क्लब अध्यक्ष लायन डॉ. वी.के. गुप्ता ने बताया कि भारतीय संस्कृति में माता-पिता को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में संस्कार, सम्मान और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि माता-पिता के प्रति सम्मान और सेवा की भावना ही समाज को सशक्त एवं संस्कारित बनाती है।
समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपने माता-पिता के पग प्रक्षालन, तिलक, माला अर्पण, आरती एवं परिक्रमा कर उनका सम्मान किया। इस भावुक दृश्य को देखकर कई अभिभावकों की आंखें नम हो गईं और पूरे परिसर का माहौल भावनाओं से भर उठा।

एच.पी. काबरा गर्ल्स कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में फुलचंद, नर्बदा देवी, गंगाराम, गंगादेवी, फाफ कंवर, केशरदेवी, प्रभुराम, विमलादेवी, हाजरा बानो, शबाना बानो, खींव सिंह, हरदेवराम, समीम खां, चंदू भाई एवं लता बेन अभिभावक के रूप में उपस्थित रहे।
पूर्व प्रांतपाल लायन श्यामसुंदर मंत्री ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम भारतीय संस्कृति और संस्कारों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कॉलेज प्राचार्य अखिलेश राय ने लायन्स क्लब के सदस्यों का सम्मान किया, जबकि भागोती मैडम ने कार्यक्रम का संचालन किया।

क्लब सचिव लायन संजय रांवका ने बताया कि सेंट पॉल पब्लिक स्कूल में भी अत्यंत भावपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। गायत्री परिवार के मार्गदर्शन में विधिवत पूजन हुआ तथा छात्र-छात्राओं ने अपने संस्कारों से जुड़े प्रेरक संस्मरण साझा किए। विद्यालय के चेयरमैन दलपत सिंह रूणिजा ने लायन्स क्लब के सदस्यों का स्वागत किया तथा उपप्रधानाचार्य मनोज शुक्ला ने मंच संचालन किया।

इस अवसर पर लायन डॉ. वी.के. गुप्ता, लायन संजय रांवका, लायन श्यामसुंदर मंत्री, लायन संजीव सिंह रूणिजा, लायन सुभाष रांवका, लायन हेमराज पारीक एवं लायन मनोहर पारीक सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
