अपहरण और मारपीट मामले में 11 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा,नामजद आरोपियों पर कार्रवाई की मांग, पीड़ित को लगातार मिल रही धमकियां

कुचामन सिटी वृत्त के चितावा थाना क्षेत्र में दर्ज अपहरण और मारपीट के मामले में पुलिस की सुस्त कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। करीब 11 दिन पहले दर्ज हुए नामजद मुकदमे में अब तक एक भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने बुधवार को पुलिस उपाधीक्षक कुचामन सिटी मुकेश चौधरी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

पीड़ित मुकेश ने ज्ञापन में बताया कि 10 मई 2026 को वो गांव लौट रहा था। इसी दौरान गांव के पास बोलेरो पिकअप में सवार कुछ लोगों ने उसकी गाड़ी को रुकवाया और जबरन उसे वाहन में बैठाकर ले गए। आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ रास्ते में बेरहमी से मारपीट की, जिससे आंख, सिर और पसलियों में गंभीर चोटें आईं। बाद में उसे रास्ते में फेंक दिया गया और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।

मामले में देवेंद्र सिंह, शक्ति सिंह, चंदन सिंह, कुलदीप सिंह सहित दो – चार अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। पीड़ित का आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। वहीं आरोपी लगातार समझौते का दबाव बनाते हुए मुकदमा वापस लेने और पुलिस कार्रवाई नहीं करने के लिए धमकियां दे रहे हैं।

ज्ञापन में पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे खुलेआम गवाहों और परिवार को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। इससे परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग की है।

वहीं कुचामन सिटी के पुलिस उपाधीक्षक मुकेश चौधरी ने बताया कि मामले में आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और पुलिस लगातार दबिश दे रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

error: News 1 Rajasthan