कुचामन : आदि गौड़ विप्र समाज का दीपावली स्नेह मिलन एवं प्रतिभा पुरस्कार सम्मान समारोह आयोजित, समाज के पुरोधाओं का भी हुआ सम्मान

47 प्रतिभाओं का सम्मान कर दिया प्रोत्साहन का संदेश

कुचामन सिटी। श्री आदि गौड़ विप्र समाज समिति, कुचामन सिटी की ओर से दीपावली स्नेह मिलन एवं प्रतिभा पुरस्कार सम्मान समारोह का आयोजन हॉस्पिटल रोड स्थित गौड़ भवन में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। समारोह में समाज की शैक्षणिक एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 47 प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इनमें एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त करने वाली प्रतिभाएं भी शामिल रहीं। इसके साथ ही समाज के पुरोधाओं का सम्मान किया गया तथा 35 बुजुर्गों का अभिनंदन कर उनके अनुभव, योगदान और सामाजिक सेवाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

समारोह का मुख्य उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, युवाओं को शिक्षा एवं विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना तथा नई पीढ़ी को समाज की परंपराओं और संस्कारों से जोड़ना रहा। सम्मान समारोह के दौरान प्रतिभाओं और उनके परिजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गिरिराज शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में इस प्रकार के कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन किया जाना बेहद आवश्यक है। ऐसे आयोजनों से समाज की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है और अन्य युवाओं को भी बेहतर प्रदर्शन करने का प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने कहा कि समाज की उन्नति के लिए शिक्षा, प्रतिभा और आपसी सहयोग को प्राथमिकता देना जरूरी है। प्रतिभाओं का सम्मान केवल उनका उत्साहवर्धन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का माध्यम भी है।


कार्यक्रम में समाज केउपाध्यक्ष सुरेश कुमार गौड़ ने समिति का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वैद्य श्यामस्वरूप गौड़ ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में समारोह में उपस्थित समाज बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए समाज की एकजुटता और ऐसे आयोजनों की निरंतरता पर बल दिया।

समारोह में समाज के संरक्षक रामनिवास लाटा, गजाधर महर्षि, उपाध्यक्ष अनिल कुमार, मंत्री कमल कुमार गौड़, संपत राज जोशी, रविकान्त करनवाल, विजय कुमार लाटा, जगदीश तिवाड़ी, मुरारी गौड़ सहित समाज के अनेक गणमान्यजन एवं समाज बंधु उपस्थित रहे।

error: News 1 Rajasthan