कुचामन सिटी में शहरी क्षेत्र के लोगों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कल 22 अप्रैल (बुधवार) को शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भव्य लोकार्पण किया जाएगा। यह कार्यक्रम श्री मंगली देवी स्कूल, न्यू कॉलोनी में सुबह 10:30 बजे आयोजित होगा।
इस अवसर पर राजस्थान सरकार के राजस्व, उपनिवेशन एवं सैनिक कल्याण राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी अपने करकमलों से इस स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों और आमजन की उपस्थिति रहेगी।
क्या है शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर?
शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, केंद्र और राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं के तहत विकसित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उन्नत स्वरूप है। यहां आमजन को नि:शुल्क प्राथमिक उपचार, जांच, दवाइयां, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, गैर-संचारी रोगों (जैसे डायबिटीज, ब्लड प्रेशर) की स्क्रीनिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

इसका उद्देश्य शहरी गरीब और मध्यम वर्ग को उनके नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना है, ताकि बड़े अस्पतालों पर भार कम हो और समय पर उपचार मिल सके।
राज्यमंत्री विजय सिंह चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक को उसके घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा मिले। शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे कुचामन शहर के लोगों को राहत मिलेगी और उन्हें छोटी-बड़ी बीमारियों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी नरेंद्र चौधरी ने बताया कि शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर में प्रशिक्षित चिकित्सा स्टाफ, आवश्यक दवाइयों और बेसिक जांच सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। यहां रोजाना ओपीडी सेवाएं संचालित होंगी, जिससे आमजन को प्राथमिक स्तर पर ही बेहतर इलाज मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि इस केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत होगी और लोगों को समय पर उपचार मिलने से गंभीर बीमारियों की संभावना भी कम होगी।
