डीडवाना-कुचामन जिले में भीषण गर्मी के बीच पेयजल व्यवस्थाओं को लेकर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। मंगलवार को अतिरिक्त मुख्य अभियंता एवं जिला प्रभारी रामचंद्र राड़ ने जिले का व्यापक दौरा कर व्यवस्थाओं का जमीनी जायजा लिया और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि खराब नलकूपों को 24 घंटे में हर हाल में दुरुस्त किया जाए तथा सप्लाई में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

दौरे के दौरान राड़ ने रघुनाथपुरा (परबतसर) से निरीक्षण की शुरुआत करते हुए बांसेड़, भरूण, पीपलाद, खोखर, मंगलाना, नारायणपुरा सहित करीब दो दर्जन गांवों का दौरा किया। गांवों की चौपाल में बैठकर उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि गर्मी में किसी भी क्षेत्र में पेयजल किल्लत नहीं होनी चाहिए, इसके लिए लगातार मॉनिटरिंग और ठोस कार्ययोजना लागू की जाए।

कुचामन सिटी स्थित जलदाय विभाग कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलेभर की जल योजनाओं और सप्लाई की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जहां आवश्यकता हो, वहां टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। राड़ ने जानकारी दी कि जिले में 48 हेडपंप तैयार किए जा चुके हैं, जबकि 261 अवैध कनेक्शन काटे गए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई कि पाइपलाइन से छेड़छाड़ या अवैध कनेक्शन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मीडिया से बातचीत में रामचंद्र राड़ ने बताया कि आमजन को त्वरित राहत देने के लिए डीडवाना स्थित एसई कार्यालय में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इस कंट्रोल रूम के नंबर 01580-220045 पर उपभोक्ता अपनी पेयजल समस्या दर्ज करा सकते हैं और हर शिकायत का निस्तारण 48 घंटे में सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पानी की मांग बढ़ने से सप्लाई प्रभावित होती है, ऐसे में यह कंट्रोल रूम आमजन और विभाग के बीच सीधा सेतु बनेगा।

इस दौरान अधीक्षण अभियंता सुनील मानवताल, अधिशाषी अभियंता दशरथ राम, सहायक अभियंता मुकेश कुमार जाट, नावां उपखंड की सहायक अभियंता शांति जाखड़ सहित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कुचामन के सहायक अभियंता मुकेश कुमार जाट ने बताया कि विभाग ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था को लेकर पूरी तरह अलर्ट है और इस दौरे के बाद व्यवस्थाओं में तेजी से सुधार होगा, जिससे आमजन को राहत मिलेगी।
