डीडवाना। राजस्थान विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र सिंह राठौड़ अल्प प्रवास पर डीडवाना पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पूजा इंटरनेशनल एकेडमी का अवलोकन किया। संस्थान परिवार की ओर से उनका पारंपरिक साफा पहनाकर, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।

राठौड़ के डीडवाना आगमन के दौरान भाजपा नेता जितेन्द्र सिंह जोधा, भाजपा नेता श्याम प्रताप सिंह राठौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने भाजपा नेता जितेन्द्र सिंह जोधा एवं श्याम प्रताप सिंह के साथ डीडवाना-कुचामन जिले के राजनीतिक हालात, संगठनात्मक गतिविधियों और क्षेत्र की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर चर्चा की।

इस मुलाकात को स्थानीय राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राठौड़ ने पूजा इंटरनेशनल एकेडमी का अवलोकन करते हुए संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति दी। राठौड़ ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

इस मौके पर संस्थान के निदेशक बजरंग सिंह राठौड़ सहित राजेन्द्र सिंह राठौड़, जितेन्द्र सिंह जोधा और श्याम प्रताप सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान संस्थान की गतिविधियों, शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों तथा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ को स्वर्गीय जगमाल सिंह राठौड़ की स्मृति में लिखित पुस्तक “जो कह नन्ही पाया बाप” भेंट की गई। पुस्तक के माध्यम से स्वर्गीय जगमाल सिंह राठौड़ की स्मृतियों एवं उनके व्यक्तित्व को संजोने का प्रयास किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं संस्थान परिवार ने राजेन्द्र सिंह राठौड़ के साथ क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया। इसके बाद राठौड़ अपने अल्प प्रवास को समाप्त कर डीडवाना से चूरू के लिए रवाना हो गए।
