RUIDP संवाद में फूटा कुचामन की जनता का गुस्सा, सीवरेज-जलप्रदाय के अधूरे और घटिया कामों पर RUIDP और L&T को घेरा
जनप्रतिनिधियों ने गिनाईं खामियां—टूटी सड़कें, अधूरी लाइनें और बदबू की शिकायत;
बाबूलाल मारवाड़ा बोले—कमियां दूर होने तक नहीं जारी होगा सेटिस्फेक्शन प्रमाण पत्र
कुचामन सिटी। RUIDP के पंचम चरण को लेकर बुधवार को नगर परिषद सभागार में आयोजित ‘आरयूआईडीपी संवाद’ कार्यक्रम में कुचामन शहर के विकास कार्यों को लेकर जहां भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी गई, वहीं शहर में पिछले कई वर्षों से चल रही सीवरेज एवं जलप्रदाय योजना के कार्यों में कथित लापरवाही और खामियों को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं आम लोगों का आक्रोश भी खुलकर सामने आया। संवाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने RUIDP और कार्यकारी कंपनी L&T के अधिकारियों के सामने सीवरेज एवं जलप्रदाय योजना के तहत हुए कार्यों की गुणवत्ता और अधूरे कामों को लेकर सवाल उठाए और अपनी नाराजगी जाहिर की।

लोगों का कहना था कि सीवरेज एवं जलप्रदाय योजना का काम मई 2025 तक पूरा हो जाना था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी शहर में काम पूरी तरह पूरा नहीं हो पाया है। लोगों ने आरोप लगाया कि जहां-जहां सीवरेज और पानी की पाइपलाइन डालने के बाद सड़कें बनाई गईं, उनमें से कई सड़कें कुछ समय बाद ही क्षतिग्रस्त हो गईं। इससे शहरवासियों को आवागमन में परेशानी के साथ-साथ सरकारी धन के उपयोग को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने कार्य के दौरान भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप खुलेआम लगाएं।
कहीं लाइन अधूरी, कहीं पाइपलाइन ही नहीं—चैंबर भी बने परेशानी का कारण
संवाद कार्यक्रम में लोगों ने आरोप लगाया कि शहर के कई हिस्सों में सीवरेज लाइन पूरी तरह नहीं डाली गई है, जबकि कुछ स्थानों पर जलप्रदाय की पाइपलाइन का काम भी अधूरा बताया गया। कई जगह आधी-अधूरी लाइनें डालने और काम पूरा किए बिना क्षेत्र को छोड़ देने की शिकायतें भी सामने आईं।

लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर सीवरेज चैंबरों का निर्माण ठीक तरीके से नहीं होने के कारण वे हादसों का कारण बन रहे हैं। वहीं कुछ इलाकों में सीवरेज व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के कारण दुर्गंध और गंदे पानी की शिकायतें भी सामने आईं। लोगों ने अधिकारियों को बताया कि कुछ स्थानों पर सीवरेज से जुड़ी समस्या के कारण घरों के बाथरूम और रसोई तक दुर्गंध पहुंचने तथा सीवरेज का पानी घरों के वॉशरूम तक पहुंचने जैसी शिकायतें भी सामने आई हैं।
बाबूलाल मारवाड़ा ने चेताया—कमियां दूर होने तक सेटिस्फेक्शन प्रमाण पत्र नहीं
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधि बाबूलाल मारवाड़ा ने सीवरेज एवं जलप्रदाय योजना के कार्यों को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि शहर में हुए कार्यों की कमियां दूर किए बिना नगर परिषद की ओर से सेटिस्फेक्शन प्रमाण पत्र जारी नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता लंबे समय से इन समस्याओं का सामना कर रही है और अब काम की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक योजना के तहत हुए कार्यों की कमियां दूर नहीं होतीं, तब तक जनता की आवाज उठती रहेगी।
कई जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों ने भी उठाई आवाज
सीवरेज एवं जलप्रदाय योजना को लेकर निवर्तमान सभापति सुरेश सिखवाल, पार्षद फारूक टाक, जवाना राम, अब्दुल फैसल, भाजपा नेता मनोहर सिंह रूपपुरा, RLP जिला प्रभारी भूराराम शेषमा, वरिष्ठ पत्रकार मुरारी लाल गौड़, वरिष्ठ पत्रकार हेमराज पारीक, संस्कृति जागरण समिति के मोहनलाल सोनी,जल सिंह, भाजपा नेता पूसाराम कुमावत, भागीरथ कुमावत,नरसी कुमावत, शंकर लाल मोहनपुरिया,अनिल माथुर सहित अन्य लोगों ने भी अधिकारियों के सामने योजना के कार्यों में रही कमियों और लोगों को हो रही परेशानियों का मुद्दा उठाया।

वक्ताओं ने कहा कि शहर में करोड़ों रुपए की लागत से हुए विकास कार्यों का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब काम गुणवत्तापूर्ण हो और सभी अधूरे कार्य पूरे किए जाएं। लोगों ने अधिकारियों से मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
अधिकारियों ने दिया जांच और कमियां दूर कराने का भरोसा
जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की नाराजगी के बाद एसडीएम सुरेंद्र सिंह चौधरी, RUIDP के अधीक्षण अभियंता नेमीचन्द पंवार और नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया ने उपस्थित लोगों को भरोसा दिलाया कि सीवरेज एवं जलप्रदाय योजना के तहत शहर में हुए कार्यों का विशेष टीम के माध्यम से निरीक्षण कराया जाएगा।

अधिकारियों ने कहा कि जहां भी कार्यों में कमियां पाई जाएंगी, उन्हें दूर करवाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही शहरवासियों की ओर से सामने रखी गई शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए संबंधित स्थानों का निरीक्षण कराया जाएगा।
