मकराना में युवक से मारपीट का आरोप, एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

डीडवाना – कुचामन जिले के मकराना थाना क्षेत्र के चिण्डालिया गांव में अनुसूचित जाति के एक युवक के साथ कथित रूप से मारपीट और सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित हेमाराम नायक ने मकराना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि 23 जुलाई की शाम वह अपने मित्र कानाराम के घर गया था। वहां बातचीत के दौरान उसे कुर्सी पर बैठाया गया, लेकिन इसी बात से नाराज होकर कुछ लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।


रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने युवक को कुर्सी से उठने के बाद भी नहीं छोड़ा और कथित रूप से उसके साथ मारपीट की। युवक का आरोप है कि बाद में अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और उसके साथ धारदार हथियार व लात-घूंसों से हमला किया, जिससे उसके पैर, हाथ और सिर पर चोटें आईं। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो बीच-बचाव करने आई उसकी मां के साथ भी मारपीट और अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया गया है। परिवादी ने आरोप लगाया कि उसे और उसकी मां को गांव के लोगों के सामने अपमानित भी किया गया।


इस पूरे मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, NEWS 1 राजस्थान वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता। पुलिस भी वीडियो की जांच के साथ पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
घटना के बाद परिजन घायल युवक को लेकर मकराना थाने पहुंचे, जहां शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल भी कराया है।

मकराना थानाधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच मकराना वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल कर रहें हैं ।

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

error: News 1 Rajasthan