रींगण की पूर्वी चौधरी ने राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिता के लिए किया क्वालिफाई

डीडवाना – कुचामन , लाडनूं उपखंड क्षेत्र के ग्राम रींगण की 10 वर्षीय निशानेबाज पूर्वी चौधरी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पूर्वी ने उत्तराखंड के देहरादून स्थित त्रिशूल शूटिंग रेंज में आयोजित जसपाल राणा मेमोरियल कप-2026 की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए आगामी 69वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया है।


पूर्वी चौधरी, जो अध्यापक सुखदेव चौधरी की पुत्री हैं, ने देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता का आयोजन नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) द्वारा किया गया, जिसमें विभिन्न राज्यों के प्रतिभाशाली निशानेबाजों ने हिस्सा लिया।

पूर्वी चौधरी ने अपनी सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई करना मेरे लिए गर्व का क्षण है। मैं अपने माता-पिता, कोच और सभी शुभचिंतकों की आभारी हूं। अब मेरा पूरा ध्यान नेशनल चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन कर पदक जीतने पर है।

बेटी की कामयाबी पर पूर्वी के पिता सुखदेव चौधरी ने कहा कि बेटी की इस उपलब्धि से पूरा परिवार गौरवान्वित है। उसकी सफलता के पीछे उसकी मेहनत, नियमित अभ्यास और प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन सबसे बड़ी ताकत रहा है। हम चाहते हैं कि वह आगे भी देश के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करे।

पूर्वी के कोच सुमित सिंह ने बताया कि पूर्वी शुरू से ही बेहद अनुशासित और मेहनती खिलाड़ी है। उसने लगातार अभ्यास और समर्पण के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। हमें विश्वास है कि वह राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेगी।

कोच सुमित सिंह ने बताया कि जसपाल राणा मेमोरियल कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पूर्वी का चयन आगामी 69वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता दिसंबर माह में नई दिल्ली में आयोजित होगी, जिसमें देश के शीर्ष निशानेबाज भाग लेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले भी पूर्वी चौधरी जयपुर में आयोजित प्री-स्टेट और स्टेट शूटिंग प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, ग्रामीणों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने इसे ग्रामीण अंचल की बेटियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए पूर्वी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

error: News 1 Rajasthan