कुचामन सिटी। देशभर में युवाओं और छात्रों के अधिकारों, शिक्षा, रोजगार तथा लोकतांत्रिक भागीदारी को लेकर चलाए जा रहे “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत कुचामन सिटी में 9 जुलाई को विशाल छात्र-युवा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों के बीच रविवार को पूर्व उपमुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी ने NSUI डीडवाना-कुचामन की टीम एवं कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया तथा तैयारियों की समीक्षा की।

इस अवसर पर पूर्व उपमुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी ने कहा कि देश का युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता, बल्कि उसे सम्मान और मंच मिलना चाहिए। शिक्षा, रोजगार और समान अवसर हर युवा का अधिकार है। “छात्रों की गूंज” अभियान इन्हीं मुद्दों को मजबूती से उठाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने नावां विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के सभी छात्रों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में पहुंचकर इसे ऐतिहासिक बनाने की अपील की।

कांग्रेस आईटी सेल के गिरधारी महला और सुरेन्द्र कसवां (हरिपुरा) ने बताया कि यह भव्य छात्र-युवा सम्मेलन 9 जुलाई 2026, गुरुवार को शाम 5:15 बजे वृंदावन गार्डन, बुड़सू रोड, कुचामन सिटी में आयोजित होगा। सम्मेलन में NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। वे संगठन की आगामी रणनीति, छात्र हितों, शिक्षा, रोजगार और युवाओं की भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखेंगे।
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन को लेकर डीडवाना-कुचामन जिले सहित नावां विधानसभा क्षेत्र के युवाओं और छात्रों में खासा उत्साह है। बड़ी संख्या में छात्र-युवा कार्यक्रम में भाग लेने के लिए तैयारियां कर रहे हैं और इसे क्षेत्र का महत्वपूर्ण छात्र सम्मेलन माना जा रहा है।

पोस्टर विमोचन एवं बैठक के दौरान NSUI जिलाध्यक्ष रामनिवास गोयल, अमरजीत, अशोक गोयल, चेनसुख, उदय सिंह खारिया, मुन्नाराम फोजी, सुतेन्द्र सारस्वत, जगदीश कुमावत सहित बड़ी संख्या में NSUI पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
