कुचामन सिटी। फेडरेशन ऑफ़ नेशनल पोस्टल ऑर्गेनाइजेशन (FNPO) से संबद्ध राष्ट्रीय डाक कर्मचारी संघ, नागौर मंडल का प्रथम द्विवार्षिक अधिवेशन रविवार को कुचामन सिटी में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। अधिवेशन की संयुक्त अध्यक्षता परिमंडल सचिव (P-3) आनंदा राम गोदारा, परिमंडल सचिव (P-4) मूलाराम तथा अधिवेशन संयोजक सुरेंद्र कुमार रणवा ने की।
अधिवेशन में नागौर मंडल के विभिन्न डाकघरों से आए कर्मचारियों ने भाग लिया। सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।

डाक सहायक (P-3) संवर्ग में सुरेंद्र कुमार रणवा को अध्यक्ष, श्याम सुंदर मीणा को सचिव तथा सूर्य प्रकाश शर्मा को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं पोस्टमैन एवं एमटीएस (P-4) संवर्ग में प्रेम सिंह राठौड़ को अध्यक्ष, परसराम को सचिव तथा नरसिंह को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
अधिवेशन के ओपन सेशन में कर्मचारियों ने विभागीय कार्यों के दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं, संसाधनों की कमी, कार्यभार तथा कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान परिमंडल सचिवों ने भरोसा दिलाया कि सभी मांगों और समस्याओं को आगामी यूनियन बैठकों में प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

नवीन कार्यकारिणी ने भी कर्मचारियों के हितों की रक्षा करते हुए उनकी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखने का प्रस्ताव पारित किया।
परिमंडल सचिव (P-3) आनंदा राम गोदारा ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता बढ़ाने तथा कर्मचारियों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यूनियन कर्मचारियों की हर जायज मांग को मजबूती से उठाती रहेगी।

नवनियुक्त अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार रणवा ने कहा कि कर्मचारियों ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि डाक सहायक संवर्ग की सभी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ प्रशासन और उच्च अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा तथा कर्मचारियों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
पोस्टमैन एवं एमटीएस संवर्ग के नवनियुक्त अध्यक्ष प्रेम सिंह राठौड़ ने कहा कि संगठन की मजबूती ही कर्मचारियों की सबसे बड़ी शक्ति है।

।उन्होंने सभी साथियों से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि पोस्टमैन एवं एमटीएस कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन सदैव अग्रणी भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम का संचालन बाबूलाल पटेल ने किया। उन्होंने संगठन की उपलब्धियों, उद्देश्यों और कर्मचारियों के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
