कुचामन सिटी। इंडियन आइडल 2019 और सारेगामापा फेम गायिका आकांक्षा राव ने रविवार को कुचामन के संगीत सदन में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर नन्हे-मुन्ने बच्चों का करियर मार्गदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों को संगीत के प्रति प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे की वंदना से हुआ। इसके बाद आकांक्षा राव ने “जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा” जैसे देशभक्ति गीत की शास्त्रीय प्रस्तुति देकर उपस्थित विद्यार्थियों और संगीत प्रेमियों का मन मोह लिया। उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए संगीत के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए नियमित अभ्यास, अनुशासन और समर्पण का महत्व बताया।

इस अवसर पर संगीत सदन कुचामन सिटी की ओर से आकांक्षा राव एवं उनके साथ आए कलाकारों का साफा पहनाकर और माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। संगीत सदन के सचिव घनश्याम शर्मा ने अतिथियों का अभिनंदन किया, जबकि भरनाई के प्राचार्य डॉ. दिलीप कुमार पारीक ने सभी अतिथियों को अपनी स्वरचित ग़ज़लों की पुस्तकें भेंट कीं।

आकांक्षा राव के साथ वायलिन वादक रमेश कुमार गंधर्व, तबला वादिका वर्षा राव तथा तबला वादक सिद्धार्थ राव का भी स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान कुचामन के कलाकार असलम खान ने भी ग़ज़लों की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर समा बांध दिया।
कार्यक्रम में आकांक्षा राव ने संगीत सदन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि छोटे बच्चों में संगीत के प्रति इतना उत्साह और समर्पण देखकर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए निरंतर सीखने और मेहनत करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर शाहबान जोया, भानु प्रकाश औदीच्य, विजय शर्मा, महेंद्र शर्मा, पार्थ पारीक, कुणाल सोनी, बृजमोहन सहित संगीत सदन के विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी उपस्थित रहे।
