रात की शंटिंग बनी काल, ट्रेन की चपेट में आए स्टेशन अधीक्षक, दर्दनाक मौत

नावां। डीडवाना-कुचामन जिले के नावां रेलवे स्टेशन पर बुधवार देर रात शंटिंग के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक छुट्टन लाल मीणा (54) की मौत हो गई। हादसा नावां और नया खारड़िया के बीच रेलवे किलोमीटर संख्या 37/07 के पास हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 14662 के संचालन के दौरान रेलवे पुलिस को रन ओवर की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थानाधिकारी सुरेश चौधरी के निर्देश पर हेड कांस्टेबल गजानंद अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर मौजूद स्टेशन मास्टर भगत राम मीणा ने पुलिस को बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से नावां रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक छुट्टन लाल मीणा की मौत हो गई।

शंटिंग के दौरान हुआ हादसा

मामले की जानकारी जुटाने के दौरान नावां के डिप्टी स्टेशन अधीक्षक (Dy. SS) प्रेम सिंह और प्वाइंट्समैन सरदार सिंह भी मौके पर मौजूद मिले। डिप्टी स्टेशन अधीक्षक से पूछताछ में सामने आया कि हादसा शंटिंग के दौरान हुआ था। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक जानकारी जुटाकर मामले की जांच शुरू की।

परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम

मृतक छुट्टन लाल मीणा (54) पुत्र रंग लाल मीणा करौली जिले के गडमोरा गांवड़ी, तहसील नादौती के निवासी थे। हादसे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजकीय चिकित्सालय नावां की मोर्चरी में रखवाया।
थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि परिजनों के आने के बाद गुरुवार दोपहर शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

error: News 1 Rajasthan