प्रतिभाओं के सम्मान के लिए ब्राह्मण समाज का महाआयोजन, कुचामन में हुई संपर्क बैठक

कुचामन सिटी। अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज राजनैतिक एवं सामाजिक जागृति मंच के तत्वावधान में आगामी 27 सितम्बर को डीडवाना में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय सर्व ब्राह्मण समाज प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर कुचामन सिटी में आयोजन समिति की संपर्क बैठक आयोजित की गई। इस दौरान समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों से संपर्क कर समारोह को सफल बनाने के लिए सहयोग का आह्वान किया गया।


कार्यक्रम में मंच के संस्थापक अध्यक्ष बजरंग लाल शर्मा एवं संयोजक राजेन्द्र दाधीच ने कहा कि प्रतिभा सम्मान समारोह का मुख्य उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं को पहचान दिलाकर उन्हें उचित सम्मान और प्रोत्साहन प्रदान करना है। उन्होंने समाजबंधुओं से आह्वान किया कि वे अपने क्षेत्र में योग्य प्रतिभाओं तक इस सम्मान समारोह की जानकारी पहुंचाएं, ताकि कोई भी पात्र प्रतिभा सम्मान से वंचित नहीं रहे। उन्होंने बताया कि पात्र प्रतिभाएं 14 सितम्बर तक आवेदन कर सकती हैं।


इस अवसर पर सर्व ब्राह्मण जिलाध्यक्ष मनोज जोशी ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं कुचामन पहुंचे अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए आयोजित किया जा रहा यह समारोह अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने आयोजन समिति द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को ऐसे सामाजिक और रचनात्मक कार्यों में अपनी सहभागिता निभानी चाहिए।


मनोज जोशी ने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मान मिलने से उनका उत्साह बढ़ता है और वे भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित होती हैं। उन्होंने कुचामन क्षेत्र के सभी समाजबंधुओं से समारोह की सफलता के लिए तन, मन और समय के साथ सहयोग करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने आयोजन समिति को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से डीडवाना में आयोजित होने वाला प्रतिभा सम्मान समारोह भव्य और सफल रहेगा।


प्रांतीय अध्यक्ष एडवोकेट महावीर चतुर्वेदी ने कहा कि समाज की एकता और संगठन ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मानित करना केवल उनका उत्साहवर्धन करना नहीं, बल्कि समाज के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करना है। उन्होंने सभी ब्राह्मण समाज संगठनों से आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर एक मंच पर आने और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 27 सितम्बर का यह आयोजन समाज की एकजुटता और प्रतिभाओं के सम्मान का एक महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।
बैठक में जिला अध्यक्ष कपिल प्रधान, सहसंयोजक भुवनेश शर्मा, सहसंयोजक पवन जोशी, विप्र सेना के जिला अध्यक्ष एडवोकेट सुनील शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम की तैयारियों और समाज की सहभागिता पर चर्चा की।


इस अवसर पर मनोज जोशी सर्व ब्राह्मण जिलाध्यक्ष, गिरिराज शर्मा गौड़ ब्राह्मण महासभा जिलाध्यक्ष, सुरेश कुमार गौड़ गौड़ ब्राह्मण महासभा जिला महामंत्री, नरेंद्र दाधीच उपाध्यक्ष श्री छः न्याति ब्राह्मण महासंघ, कमल कुमार गौड़ मंत्री श्री आदि गौड़ ब्राह्मण समाज समिति, रविकांत करणवाल, सम्पतराज जोशी, मुरारीलाल खरींट, एडवोकेट रतन प्रधान, बलराम प्रधान, विजय लाटा, सोनू गौड़ सहित अन्य समाजबंधु उपस्थित रहे।

error: News 1 Rajasthan