डीडवाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बाइक चोर गिरफ्तार, बालक निरुद्ध, दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

डीडवाना-कुचामन। जिले की डीडवाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान (आईपीएस) के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा एवं वृत्ताधिकारी डीडवाना उम्मेश गुप्ता के सुपरविजन में पुलिस थाना डीडवाना के थानाधिकारी मोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को कोट मोहल्ला डीडवाना निवासी राज जांगिड पुत्र रामअवतार जांगिड ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनकी मोटरसाइकिल आरजे 37 जीएस 5955 को 9 सितंबर को दिनदहाड़े उनके घर के सामने से चोरी कर ले गए। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच एएसआई छोटूराम को सौंपी गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वृत्ताधिकारी डीडवाना के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने डीडवाना, कुचामन और लाडनूं सहित विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जगदीश धेतरवाल पुत्र केसराराम धेतरवाल, उम्र 24 वर्ष, निवासी बल्दू, थाना निम्बी जोधा को गिरफ्तार किया। साथ ही एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया। दोनों की निशानदेही पर डीडवाना से चोरी की गई मोटरसाइकिल सहित लाडनूं से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस आरोपी से अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ और अनुसंधान कर रही है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। वाहन चोरी जैसी वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस टीमों को सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने डीडवाना पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और बेहतर आसूचना संकलन के माध्यम से आरोपियों तक पहुंचकर चोरी की गई मोटरसाइकिलों को बरामद करना सराहनीय कार्य है।

इस कार्रवाई में मोहन सिंह पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी, छोटूराम एएसआई, मदनलाल कांस्टेबल, मुकेश कांस्टेबल, नरसी बराला कांस्टेबल और बिरदारराम कांस्टेबल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में पूरी टीम का सामूहिक योगदान रहा।

error: News 1 Rajasthan