नगरीय निकाय चुनाव 2026: नामांकन जांच में 503 पर्चे खारिज, 8 निकायों में अब 1,475 वैध नामांकन


कुचामन में सबसे ज्यादा 124 और मकराना में 146 नामांकन निरस्त, पार्टी सिंबल सहित अन्य कमियों के चलते हुए खारिज


डीडवाना-कुचामन, नगरीय निकाय चुनाव-2026 को लेकर डीडवाना-कुचामन जिले में नामांकन प्रक्रिया के बाद मंगलवार को सभी आठ नगरीय निकायों में नामांकन पत्रों की संवीक्षा की गई। रिटर्निंग अधिकारियों की ओर से की गई जांच में जिलेभर में कुल 503 नामांकन पत्र विभिन्न कारणों से निरस्त किए गए। नामांकन के तीन दिनों में जिले में कुल 1,983 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। संवीक्षा के बाद अब चुनावी मैदान में वैध नामांकनों की स्थिति सामने आने लगी है।


जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीणा ने बताया कि जिले के आठों नगरीय निकायों में नामांकन पत्रों की संवीक्षा राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराई गई। उन्होंने बताया कि नामांकन के तीन दिनों में 27 अगस्त को 35, 29 अगस्त को 478 और 31 अगस्त को सर्वाधिक 1,470 नामांकन पत्र प्राप्त हुए। संवीक्षा के बाद विभिन्न कारणों से 503 नामांकन पत्र निरस्त किए गए हैं। अब वैध नामांकन पत्रों और उम्मीदवारों की स्थिति के आधार पर आगामी चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।


डीडवाना में 26 नामांकन निरस्त


नगर परिषद डीडवाना में रिटर्निंग अधिकारी राजवीर सिंह यादव की ओर से नामांकन पत्रों की जांच की गई। यहां कुल 221 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे, जिनमें से 26 नामांकन निरस्त किए गए। जानकारी के अनुसार इनमें 21 नामांकन पार्टी सिंबल नहीं होने के कारण खारिज हुए, जबकि एक प्रत्याशी का नामांकन फॉर्म में कमी पाए जाने के कारण निरस्त किया गया।


कुचामन में 124 पर्चे खारिज


नगर परिषद कुचामन सिटी में रिटर्निंग अधिकारी सुरेंद्र सिंह चौधरी ने नामांकन पत्रों की संवीक्षा की। कुचामन में कुल 339 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। जांच के दौरान 124 नामांकन पत्र निरस्त किए गए। इनमें अधिकांश नामांकन पार्टी सिंबल से संबंधित कमी के कारण खारिज हुए। संवीक्षा के बाद 197 उम्मीदवारों के 215 नामांकन पत्र स्वीकार किए गए।


मकराना में सर्वाधिक नामांकन, 146 निरस्त


नगर परिषद मकराना में जिले में सबसे अधिक 555 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। रिटर्निंग अधिकारी द्वारा की गई संवीक्षा के बाद 146 नामांकन पत्र निरस्त किए गए, जबकि 409 नामांकन वैध पाए गए। मकराना में नामांकन की संख्या सबसे अधिक होने के कारण यहां संवीक्षा को लेकर भी खासा दबाव रहा।


लाडनूं में 102 नामांकन निरस्त


नगर पालिका लाडनूं में रिटर्निंग अधिकारी ममता लहुआ ने नामांकन पत्रों की जांच की। यहां कुल 343 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे, जिनमें से 102 नामांकन निरस्त किए गए। संवीक्षा के बाद 241 नामांकन वैध रहे।


नावां में 60 पर्चे खारिज


नगर पालिका नावां में रिटर्निंग अधिकारी हुकमीचंद रोहलानिया ने नामांकन पत्रों की संवीक्षा की। नावां में कुल 193 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे, जिनमें से 60 नामांकन निरस्त किए गए। जांच के बाद 133 नामांकन वैध पाए गए।


बोरावड़ में 20 नामांकन निरस्त


नगर पालिका बोरावड़ के रिटर्निंग अधिकारी बाबूलाल जाट ने बताया कि यहां प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच के दौरान 20 आवेदन निरस्त किए गए। बोरावड़ में कुल 154 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे और संवीक्षा के बाद 134 नामांकन वैध रहे।


छोटी खाटू में 7 नामांकन खारिज


नगर पालिका खाटू खुर्द के रिटर्निंग अधिकारी तुक्कराम ने बताया कि संवीक्षा के दौरान 7 नामांकन पत्र निरस्त किए गए। यहां कुल 86 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे।


परबतसर में 18 नामांकन निरस्त


नगर पालिका परबतसर में रिटर्निंग अधिकारी कुसुमलता चौहान ने नामांकन पत्रों की जांच की। कुल 18 नामांकन पत्र निरस्त किए गए। इनमें 16 नामांकन पार्टी सिंबल नहीं होने के कारण खारिज हुए, जबकि मतदाता सूची में नाम नहीं होने के कारण दो उम्मीदवारों के नामांकन निरस्त किए गए। परबतसर में संवीक्षा के बाद 74 नामांकन वैध रहे।


नामांकन पत्रों की संवीक्षा पूरी होने के साथ ही अब निकाय चुनाव की तस्वीर और स्पष्ट हो गई है। इसके बाद 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस लेने का अवसर रहेगा और इसके बाद 4 सितंबर को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। नाम वापसी के बाद चुनावी मैदान में बचे प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर सामने आएगी। जिले में मतदान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 9 और 11 सितंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 सितंबर को की जाएगी।

error: News 1 Rajasthan