1583 उम्मीदवारों ने जताई दावेदारी, अब 1 सितंबर को संवीक्षा और 3 सितंबर तक नाम वापसी
डीडवाना-कुचामन। नगरीय निकाय चुनाव 2026 को लेकर डीडवाना-कुचामन जिले में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही चुनावी तस्वीर अब तेजी से साफ होने लगी है। जिले की तीन नगर परिषद और पांच नगर पालिकाओं सहित सभी आठ निकायों में 27, 29 और 31 अगस्त को कुल 1983 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिनमें 1583 उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश की है। नामांकन के अंतिम दिन डीडवाना,मकराना कुचामन सिटी और नावां सहित सभी निकायों में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भीड़ देखने को मिली और अंतिम समय तक नामांकन दाखिल करने का सिलसिला चलता रहा।

कुचामन सिटी नगर परिषद चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी सुरेंद्र सिंह चौधरी के अनुसार कुल 339 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं, जिनमें 261 उम्मीदवार शामिल हैं। वहीं नावां नगर पालिका चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी हुकमीचंद रोहलानिया के अनुसार कुल 193 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं, जिनके जरिए 156 उम्मीदवारों ने दावेदारी की है। डीडवाना नगर परिषद चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी राजवीर सिंह यादव के अनुसार यहां कुल 221 नामांकन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 190 उम्मीदवार हैं।

मकराना नगर परिषद चुनाव में वार्डों की अधिक संख्या के चलते दो रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। ADM लाखन सिंह गुर्जर को वार्ड 1 से 30 तथा तहसीलदार रामस्वरूप मीणा को वार्ड 31 से 60 का रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया है और दोनों के स्तर पर प्राप्त नामांकन को मिलाकर मकराना में जिले में सर्वाधिक 555 नामांकन पत्र, जबकि 418 उम्मीदवारों ने दावेदारी पेश की है।

लाडनूं नगर पालिका की रिटर्निंग अधिकारी ममता लहुआ के अनुसार यहां कुल 343 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं, जिनमें 248 उम्मीदवार शामिल हैं। बोरावड़ नगर पालिका चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी बाबूलाल जाट के अनुसार कुल 154 नामांकन पत्र दाखिल हुए, जिनमें 140 उम्मीदवार हैं। छोटी खाटू नगर पालिका चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी तुक्काचंद के अनुसार यहां 86 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं और 81 उम्मीदवारों ने चुनावी मैदान में उतरने की दावेदारी जताई है। वहीं परबतसर नगर पालिका चुनाव की रिटर्निंग अधिकारी कुसुमलता चौहान के अनुसार कुल 92 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं, जिनमें 89 उम्मीदवार शामिल हैं।

इस तरह पूरे जिले में सबसे ज्यादा नामांकन मकराना में हुए, जबकि कुचामन सिटी और लाडनूं में भी बड़ी संख्या में दावेदारों ने पर्चे दाखिल किए हैं। नामांकन के अंतिम दिन राजनीतिक दलों ने भी अपने अधिकृत प्रत्याशियों की सूची अंतिम समय में जारी कर कई वार्डों में मुकाबले को दिलचस्प बना दिया। अब 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी, जबकि उम्मीदवार 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 4 सितंबर को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा

। जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीणा ने बताया कि नगरीय निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया जिले के सभी निकायों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी कराई गई है और अब संवीक्षा, नाम वापसी तथा चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया निर्धारित समय पर पूरी होगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

उन्होंने बताया कि जिले में मतदान दो चरणों में होगा—डीडवाना, कुचामन सिटी, लाडनूं और बोरावड़ में 9 सितंबर, जबकि मकराना, छोटी खाटू, परबतसर और नावां में 11 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। 14 सितंबर को मतगणना होगी। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी राजनीतिक दलों की नजर संवीक्षा और नाम वापसी पर है, क्योंकि इसके बाद ही प्रत्येक वार्ड में चुनावी मुकाबले की अंतिम तस्वीर सामने आएगी और जिले की आठों निकायों में चुनावी घमासान पूरी तरह तेज हो जाएगा।
