RUIDP के पांचवें चरण को लेकर ‘आरयूआईडीपी संवाद’ कार्यक्रम आयोजित,
जनप्रतिनिधियों और स्टेकहोल्डर्स से लिए सुझाव
कुचामन सिटी, राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना यानी RUIDP के पंचम चरण के तहत प्रदेश के 84 शहरों को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाने के लिए करीब 9501 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्य करवाए जाएंगे। इन्हीं 84 नगरीय निकायों में डीडवाना-कुचामन जिले के कुचामन सिटी को भी शामिल किया गया है । योजना के जरिए कुचामन सिटी में करीब 23.06 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात मिली है।
इसी को लेकर कुचामन सिटी के नगर परिषद सभागार में ‘आरयूआईडीपी संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, नगर परिषद पार्षदों, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों, अधिकारियों एवं अन्य स्टेकहोल्डर्स ने हिस्सा लिया। इस दौरान कुचामन में होने वाले विकास कार्यों की जानकारी दी गई और उपस्थित लोगों से सुझाव एवं फीडबैक भी लिया गया।

कार्यक्रम में एसडीएम सुरेंद्र सिंह चौधरी, नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया, RUIDP के अधीक्षण अभियंता नेमीचन्द पंवार, पूर्व सभापति सुरेश सिखवाल सहित नगर परिषद पार्षद, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं शहर के प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
वीडियो फिल्म के जरिए समझाया पांचवें चरण का प्लान
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को वीडियो फिल्म के माध्यम से RUIDP के पंचम चरण के उद्देश्यों एवं प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी गई। फिल्म के जरिए बताया गया कि पांचवें चरण में प्रदेश के शहरों को आधुनिक, सुव्यवस्थित, पर्यावरण अनुकूल और टिकाऊ बनाने की दिशा में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।

इस चरण में अपशिष्ट जल प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, शहरी यातायात सुधार, बाढ़ प्रबंधन एवं जल निकासी, विरासत संरक्षण एवं पर्यटन तथा कमांड एंड कंट्रोल सेंटर जैसे क्षेत्रों में विकास कार्य किए जाएंगे।
कुचामन में 23.06 करोड़ के कार्य, वेस्ट वाटर मैनेजमेंट पर विशेष फोकस
RUIDP के अधीक्षण अभियंता नेमीचन्द पंवार ने बताया कि RUIDP के तीन चरणों के कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जिनका लाभ संबंधित शहरों की जनता को मिल रहा है। वहीं चतुर्थ चरण की कुछ परियोजनाओं में भी कार्य पूर्ण किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक 60 से अधिक शहरों में पूर्ण किए गए अथवा चल रहे कार्यों का लाभ प्रदेश की करीब 1.25 करोड़ आबादी को मिल रहा है।

अब प्रदेश सरकार RUIDP का पंचम चरण शुरू करने जा रही है, जिसे एशियाई विकास बैंक (ADB) और विश्व बैंक द्वारा वित्तपोषित किया जाएगा। इस चरण में अत्यधिक शहरीकरण वाले शहरों और उनके सैटेलाइट टाउन के विकास पर विशेष फोकस रहेगा।
पंचम चरण में प्रदेश के 84 नगरीय निकायों में करीब 9501 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए जाएंगे।
कुचामन में इन कामों पर खर्च होंगे 23.06 करोड़
पंचम चरण के तहत कुचामन सिटी में करीब 23.06 करोड़ रुपए के कार्य करवाए जाएंगे।
अपशिष्ट जल प्रबंधन एवं शोधित अपशिष्ट जल का पुनः उपयोग — ₹15.96 करोड़
बाढ़ प्रबंधन एवं जल निकासी — ₹2.96 करोड़
कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, विरासत संरक्षण एवं पर्यटन — ₹4.14 करोड़
इन कार्यों के पूरा होने से कुचामन शहर में अपशिष्ट जल के बेहतर प्रबंधन एवं उपचारित पानी के पुनः उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। वहीं बाढ़ एवं जल निकासी से जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में भी महत्वपूर्ण काम होगा। कमांड एंड कंट्रोल सेंटर तथा विरासत एवं पर्यटन से जुड़े कार्य शहर को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने में मददगार साबित होंगे।

एसडीएम सुरेंद्र सिंह चौधरी ने कहा—विकास कार्यों में स्थानीय जरूरतों का रखा जाएगा ध्यान
एसडीएम सुरेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि RUIDP के पंचम चरण के तहत कुचामन के लिए महत्वपूर्ण कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि शहर की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से सुझाव लेने का उद्देश्य यही है कि योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ आमजन को मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से RUIDP एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्यों को बेहतर तरीके से धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।

अधीक्षण अभियंता नेमीचन्द पंवार ने दी कार्यों की जानकारी
अधीक्षण अभियंता नेमीचन्द पंवार ने बताया कि पंचम चरण में 84 नगरीय निकायों को शामिल किया गया है और करीब 9501 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस चरण का मुख्य उद्देश्य अत्यधिक शहरीकरण वाले शहरों एवं उनके सैटेलाइट टाउन में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना है।
उन्होंने बताया कि कुचामन सिटी के लिए करीब 23.06 करोड़ रुपए के कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें सबसे बड़ा हिस्सा 15.96 करोड़ रुपए अपशिष्ट जल प्रबंधन पर खर्च होगा। इसके अलावा बाढ़ प्रबंधन एवं जल निकासी, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, विरासत संरक्षण एवं पर्यटन से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे।
जनप्रतिनिधि ने बताया शहर के लिए महत्वपूर्ण पहल
जनप्रतिनिधि बाबू लाल मारवाड़ा ने कहा कि RUIDP के पंचम चरण में कुचामन के लिए करीब 23 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य मिलना शहर के लिए महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि अपशिष्ट जल प्रबंधन और ड्रेनेज जैसे कार्य शहर की लंबे समय से चली आ रही जरूरतों से जुड़े हुए हैं।

उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों के सुझावों को शामिल किया जाना सकारात्मक कदम है। यदि प्रस्तावित कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे होते हैं तो आने वाले समय में कुचामन की शहरी सुविधाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
84 शहरों को स्मार्ट और सस्टेनेबल बनाने की दिशा में कदम
RUIDP के पंचम चरण के तहत प्रदेश के 84 नगरीय निकायों को आधुनिक, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने पर फोकस किया जा रहा है। राज्य सरकार की बजट घोषणा 2025-26 के अनुरूप शुरू किए जा रहे इस चरण में शहरों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ भविष्य की शहरी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं तैयार की जा रही हैं।

‘आरयूआईडीपी संवाद’ कार्यक्रम के जरिए सरकार और RUIDP की ओर से प्रस्तावित कार्यों की जानकारी सीधे स्थानीय जनप्रतिनिधियों और स्टेकहोल्डर्स तक पहुंचाई गई। साथ ही उनके सुझाव और फीडबैक भी लिए गए, ताकि कुचामन में होने वाले विकास कार्य स्थानीय जरूरतों के अनुरूप बेहतर तरीके से धरातल पर उतारे जा सकें।
