गुरु पूर्णिमा पर भाजपा ने नागौर देहात में संत समाज का किया सम्मान

भारतीय जनता पार्टी, नागौर देहात (डीडवाना-कुचामन) द्वारा गुरु पूर्णिमा उत्सव–2026 के अवसर पर पूरे जिले में श्रद्धा, आस्था एवं भारतीय संस्कृति के अनुरूप व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। भाजपा प्रदेश नेतृत्व एवं जिलाध्यक्ष श्रीमती सुनीता माहेश्वरी के मार्गदर्शन तथा जिला संयोजक डॉ. देवीलाल दादरवाल के समन्वय में जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मंडल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों के मंदिरों, आश्रमों एवं धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर संतों, महंतों एवं गुरुजनों का सम्मान किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

गुरु पूर्णिमा उत्सव के अंतर्गत जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर संत समाज का माल्यार्पण, शॉल, सम्मान-पत्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया। कार्यकर्ताओं ने गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए संतों से राष्ट्र, समाज एवं संगठन की उन्नति के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे जिले में कार्यक्रम श्रद्धा, अनुशासन एवं संगठनात्मक गरिमा के साथ सम्पन्न हुए।

इस अवसर पर जिले के विभिन्न मंदिरों एवं आश्रमों में राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की ओर से प्रेषित गुरु सम्मान भी संत समाज को समर्पित किया गया। सम्मान स्वरूप माला, शॉल, सम्मान-पत्र, शुभकामना संदेश, मिठाई एवं भेंट राशि संतों को सादर भेंट की गई। मुख्यमंत्री के संदेश में गुरु पूर्णिमा को भारतीय संस्कृति की अमूल्य गुरु-शिष्य परंपरा का प्रतीक बताते हुए संत समाज के प्रति श्रद्धा व्यक्त की गई तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर लोककल्याणकारी मार्गदर्शन की मंगलकामनाएँ प्रेषित की गईं।

भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती सुनीता माहेश्वरी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति की आत्मा और गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का महापर्व है। संत समाज का आशीर्वाद समाज में संस्कार, समरसता एवं राष्ट्रसेवा की भावना को सुदृढ़ करता है। उन्होंने जिले के सभी मंडलों में सफलतापूर्वक कार्यक्रम आयोजित करने वाले पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

भाजपा जिला महामंत्री एवं गुरु पूर्णिमा उत्सव–2026 के जिला संयोजक डॉ. देवीलाल दादरवाल ने कहा कि जिले के सभी मंडलों में कार्यकर्ताओं ने पूरे समर्पण एवं उत्साह के साथ गुरु पूर्णिमा उत्सव मनाकर संगठन की सांस्कृतिक प्रतिबद्धता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि संत समाज का सान्निध्य एवं आशीर्वाद समाज को सदैव सही दिशा प्रदान करता है तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मंडल पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।

गुरु पूर्णिमा उत्सव के दौरान जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, श्रद्धालुओं एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही। संतों के आशीर्वाद एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति समर्पण के साथ सम्पन्न हुए इन आयोजनों ने पूरे जिले में श्रद्धा, सेवा, संस्कार एवं राष्ट्रभाव का प्रेरणादायी संदेश प्रसारित किया।

error: News 1 Rajasthan