कुचामन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: क्रेटा कार से 1.507 किलो अफीम बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

कुचामन सिटी। डीडवाना-कुचामन जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुचामन सिटी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक क्रेटा कार से 1 किलो 507 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया है।


यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा तथा वृताधिकारी विक्की नागपाल के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेंद्र खदाव के नेतृत्व में गठित टीम ने की।
पुलिस के अनुसार 25 जुलाई को मंडावरा पुलिस चौकी के सामने नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एचआर-76-सी-0537 नंबर की क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में विशेष रूप से छिपाकर रखी गई 1 किलो 507 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। मौके से पवन नाथ (32) निवासी पाटमदेसर, जिला चूरू तथा घनश्याम (26) निवासी बरड़ासर, जिला चूरू को गिरफ्तार कर लिया गया तथा वाहन जब्त कर लिया गया।

आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना कुचामन सिटी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच पंकज कुमार, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी मकराना को सौंपी गई है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान ने कहा कि जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी कीमत पर युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वाले तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए उनकी पूरी सप्लाई चेन को ध्वस्त किया जाएगा।

थानाधिकारी राजेंद्र खदाव ने बताया कि पुलिस की सतर्कता, पुख्ता सूचना तंत्र bh और टीम के समन्वित प्रयासों से यह कार्रवाई सफल हो सकी। उन्होंने कहा कि उपनिरीक्षक विजय मीणा, उप निरीक्षक बलदेव , हेड कांस्टेबल रोहिताश सिंह सहित पूरी टीम ने पूरी मुस्तैदी, सूझबूझ और साहस के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया,

जिसके परिणामस्वरूप बड़ी मात्रा में अफीम बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने पूरी टीम के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी नशे के कारोबार के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विजय मीणा, उपनिरीक्षक बलदेव, सहायक उपनिरीक्षक जगदीश प्रसाद, सहायक उपनिरीक्षक शंकर लाल, हेड कांस्टेबल रोहिताश सिंह, कांस्टेबल छोटूराम, कांस्टेबल बजरंग सिंह, कांस्टेबल कमलेश (डीएसटी), कांस्टेबल सुरेंद्र (डीएसटी) तथा कांस्टेबल सुशील (डीएसटी) शामिल रहे। आपराधिक आसूचना संकलन में कांस्टेबल सुशील (डीएसटी) का विशेष योगदान रहा।

error: News 1 Rajasthan