डीडवाना-कुचामन जिले के छापरी टोल प्लाजा पर शुक्रवार को टोल शुल्क को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कुचामन की ओर से आई एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो (वाहन संख्या UP78FK0449) के चालक ने विधायक (MLA) पास का हवाला देकर टोल शुल्क देने से इनकार कर दिया। जब टोल कर्मचारियों ने नियमानुसार शुल्क जमा कराने की बात कही तो चालक कथित रूप से टोल प्लाजा का बूम बैरियर तोड़ते हुए वाहन लेकर निकल गया। घटना में बैरियर के साथ टोल प्लाजा के सेंसर भी क्षतिग्रस्त हो गए।

टोल प्लाजा प्रभारी नरेश सिंह ने बताया कि चालक ने गाड़ी पर विधायक का पास होने की बात कही थी, लेकिन वाहन में विधायक मौजूद नहीं थे। ऐसे में नियमों के अनुसार टोल शुल्क देय था। टोल कर्मचारियों द्वारा शुल्क जमा कराने के लिए कहने पर चालक ने विवाद किया और कथित रूप से बैरियर तोड़कर वाहन निकाल ले गया, जिससे टोल प्लाजा के सेंसर भी क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के तुरंत बाद टोल प्रबंधन ने संबंधित पुलिस थाने को टेलीफोन के माध्यम से सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

टोल प्रबंधन की ओर से मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
