पहली बार डिजिटल तकनीक से संपन्न हुए चुनाव, रचा इतिहास
मकराना। संगमरमर व्यापार मंडल, मकराना के चुनाव रविवार को पहली बार डिजिटल तकनीक के माध्यम से शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। मतदान के बाद हुई मतगणना में देर रात नतीजे आए जिसके तहत अध्यक्ष पद पर अदनान गेसावत ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी फरहान गहलोत को 105 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की।

चुनाव अधिकारियों नितेश जैन, प्रकाश प्रजापत, असगर रांदड, हाजी मोहम्मद और अकरम चौहान ने सभी विजयी प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रमाण-पत्र सौंपते हुए सफल एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के लिए व्यापारियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर थानाधिकारी जगदीश मीणा भी उपस्थित रहें।

नई कार्यकारिणी में जाकिर हुसैन गेसावत उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए। सचिव पद पर अनवर अहमद ने नदीम खान को 461 मतों के बड़े अंतर से हराया। कोषाध्यक्ष पद पर आरिफ चौधरी ने नूर हसन को 268 मतों से पराजित किया, जबकि सहसचिव पद पर अरफान अहमद ने चांद मोहम्मद को 502 मतों के भारी अंतर से शिकस्त देकर शानदार जीत दर्ज की।

परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। व्यापारियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और माल्यार्पण कर जीत का जश्न मनाया। चुनाव अधिकारियों ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी संगमरमर उद्योग और व्यापारियों के हितों में प्रभावी एवं सकारात्मक भूमिका निभाएगी।

जीत हासिल करने के बाद नव निर्वाचित अध्यक्ष अदनान गेसावत ने news1 राजस्थान से हुई विशेष बातचीत में सबसे पहले सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे संगमरमर व्यापार जगत के विश्वास की जीत है।
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता व्यापारियों की समस्याओं का समाधान, उद्योग से जुड़े युवाओं को आधुनिक तकनीकों से जोड़ना, डिजिटल मार्केटिंग एवं ई-कॉमर्स को बढ़ावा देना, निर्यात के नए अवसर तलाशना तथा सरकारी स्तर पर उद्योग हितैषी नीतियों के लिए प्रभावी पहल करना रहेगी।

उन्होंने कहा कि मकराना का संगमरमर विश्वभर में अपनी गुणवत्ता के लिए प्रसिद्ध है। नई कार्यकारिणी नवाचार, आधुनिक तकनीक, ब्रांडिंग, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में भागीदारी और उद्योग के डिजिटलीकरण के माध्यम से मकराना मार्बल को पुनः विश्व पटल पर नई पहचान दिलाने के लिए ठोस प्रयास करेगी। साथ ही व्यापारियों के बीच समन्वय, पारदर्शिता और एकजुटता को मजबूत बनाते हुए उद्योग के सर्वांगीण विकास की दिशा में कार्य किया जाएगा।
