डीडवाना। श्री सवाई पीजी कॉलेज, डीडवाना की छात्रा मंजू ने अजमेर में आयोजित ताइक्वांडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिसर में स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उत्साहपूर्ण माहौल के बीच स्वर्ण पदक विजेता छात्रा मंजू का सम्मान किया गया।समारोह में छात्रा मंजू के साथ उनके कोच अर्जुन सिंह भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य भंवर सिंह चांपावत ने अपने उद्बोधन में कहा कि व्यावहारिक शिक्षा के साथ खेल भी विद्यार्थियों के जीवन का अभिन्न अंग हैं। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद अत्यंत आवश्यक हैं। खेलों के माध्यम से व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल एवं शारीरिक शिक्षा को अपने जीवन और आचरण का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर श्री सवाई बीएड कॉलेज के प्रभारी डॉ. उमादत्त त्रिवेदी, श्री सवाई लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सत्यवीर सिंह मीणा, धनराज पारीक, मधुसूदन टाक, आयुषी मोट एवं बृजनंदन सोनी सहित अन्य उपस्थित रहे।
