कुचामन सिटी। व्यापारियों का मोहल्ला निवासी 34 वर्षीय मोहम्मद वाशीद 29 जून 2026 की सुबह करीब 7 बजे घर से घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद से वापस नहीं लौटे। परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। उनका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। इस पर उनके भाई मोहम्मद अफजल ने कुचामन सिटी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एमपीआर दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है।

गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कुचामन सिटी थाना पुलिस ने मोहम्मद वाशीद की तलाश के लिए आधिकारिक इश्तेहार जारी किया है। पुलिस के अनुसार वाशीद पुत्र स्वर्गीय अब्दुल रशीद, निवासी व्यापारियों का मोहल्ला, 29 जून की सुबह घर से निकले थे और उसके बाद से लापता हैं। मामले की जांच भगवान सिंह को सौंपी गई है तथा पुलिस सीसीटीवी फुटेज, संभावित स्थानों और अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस द्वारा जारी इश्तेहार के अनुसार मोहम्मद वाशीद की उम्र करीब 34 वर्ष, लंबाई लगभग 5 फीट 7 इंच, रंग सांवला तथा शरीर हष्ट-पुष्ट है। गुम होने के समय उन्होंने पैंट-शर्ट पहन रखी थी। पुलिस ने उनका फोटो और हुलिया जारी कर प्रदेशभर के पुलिस थानों को भी सूचना भेजी है, ताकि युवक का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।
थानाधिकारी महावीर प्रसाद मीणा ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति को गुमशुदा मोहम्मद वाशीद के संबंध में कोई भी जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दें, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस थाना कुचामन सिटी, जांच अधिकारी अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। उन्होंने कहा कि आमजन की सतर्कता और सहयोग से गुमशुदा युवक को शीघ्र सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है। पुलिस हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई करेगी।
