गौ सेवा की मिसाल: मुस्लिम समाजसेवी शरीफ भाई ने गौशाला को भेजा दो लाख रुपये का चारा, अब तक 35 लाख से अधिक का कर चुके हैं सहयोग

डीडवाना : समाजसेवी एवं मुंशी मोटर्स के निदेशक शरीफ भाई (शरीफ खत्री) ने शुक्रवार को उपखंड के बाँठड़ी स्थित श्री समाधी बाबा गौशाला के लिए करीब दो लाख रुपये मूल्य का चारा भिजवाकर एक बार फिर गौ सेवा और सामाजिक सौहार्द की अनूठी मिसाल पेश की। क्षेत्र में उनकी इस पहल की व्यापक सराहना हो रही है।

जानकारी के अनुसार शरीफ भाई अब तक नागौर, डीडवाना-कुचामन, जोधपुर और पाली जिले की विभिन्न गौशालाओं को 35 लाख रुपये से अधिक का आर्थिक सहयोग और चारा उपलब्ध करा चुके हैं। हाल ही में उन्होंने नागौर जिले के झुंझण्डा स्थित श्री किशन गौशाला को लगभग 7 लाख रुपये मूल्य का एक लोडर भी भेंट किया था।
इसके अलावा वे नागौर की सहयोगी गौशाला तथा सांवराद की जय श्री सालासर नरेश गौशाला को ट्रैक्टर-ट्रॉली भी दान कर चुके हैं। समय-समय पर विभिन्न गौशालाओं को चारा और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना उनकी नियमित सेवा का हिस्सा बन चुका है।

बातचीत करते ही, तुरंत भेज दिया चारा

श्री समाधी बाबा गौशाला के सेवक गजेंद्र सिंह कस्वां और महिपाल सिंह बिंचावा ने बताया कि शरीफ भाई की मुंशी मोटर्स के ट्रक प्रतिदिन बाँठड़ी टोल से गुजरते हैं। उन्होंने शरीफ भाई से गौशाला की आवश्यकता बताई तो उन्होंने बिना किसी विलंब के करीब दो लाख रुपये मूल्य का एक ट्रोला चारा तुरंत गौशाला भिजवा दिया।

इसी दौरान टोलकर्मियों और स्थानीय लोगों के आग्रह पर उन्होंने बिंचावा स्थित वीर तेजा मंदिर के लिए भी 11 हजार रुपये की सहयोग राशि भेजकर सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश दिया।

गौ सेवा से समाज में बढ़ता है प्रेम और विश्वास

टोल प्लाजा ठेकेदार महिपाल सिंह ने कहा कि शरीफ भाई क्षेत्र में गौ सेवक के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। मूक प्राणियों के प्रति उनका स्नेह और सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणादायक है।
राजस्थान शिक्षक संघ से जुड़े उनके मित्र जाकिर खान खारिया ने कहा कि शरीफ भाई की गौ सेवा समाज में प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देती है तथा सभी समुदायों के बीच विश्वास को मजबूत करती है।

इस मौके पर शरीफ भाई ने कहा कि गौ सेवा किसी एक धर्म या समुदाय का विषय नहीं, बल्कि मानवता और जीवों के प्रति दया का प्रतीक है। हमें हर मूक प्राणी की सेवा और संरक्षण करना चाहिए। यदि ईश्वर ने हमें सामर्थ्य दी है तो उसका उपयोग जरूरतमंद इंसानों के साथ-साथ बेजुबान जीवों की सेवा में भी होना चाहिए।

अवसर पर गौ सेवक गजेंद्र सिंह कस्वां, महिपाल सिंह बिंचावा, टोल मैनेजर दिनेश मीणा, कालूराम हरिजन, भंवरलाल कस्वां, सुखाराम कस्वां, नरेंद्र सिंह शेखावत, मोहम्मद शोएब खत्री, मोहम्मद आरिस खत्री, अब्दुल रजाक सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

error: News 1 Rajasthan