कुचामन के ऐतिहासिक द्वारों को मिला नया स्वरूप, सूरजपोल और मथुरा पोल का सौंदर्यकरण कार्य पूर्ण

कुचामन सिटी। शहर की सौन्दर्यकरण योजना के तहत कुचामन की ऐतिहासिक धरोहरों को संवारने का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शहर के प्रमुख एवं प्राचीन सूरजपोल और मथुरा पोल के सौन्दर्यकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इससे पूर्व पलटन गेट, घाटी कुआँ दरवाजा, कश्मीरी गेट और वेस्ट गेट का सौन्दर्यकरण कार्य भी सफलतापूर्वक सम्पन्न किया जा चुका है।
नगर परिषद द्वारा किए गए इस कार्य का उद्देश्य शहर की ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित रखते हुए उसे आकर्षक स्वरूप प्रदान करना है। कुचामन की सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास के साक्षी रहे ये द्वार अब नए रंग-रूप में शहर की सुंदरता बढ़ाते नजर आएंगे।


सौन्दर्यकरण कार्य पूर्ण होने पर स्थानीय नागरिकों ने राज्य मंत्री एवं विधायक विजय सिंह चौधरी, नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया तथा निवर्तमान सभापति सुरेश सिखवाल और ठेकेदार अकरम खान का आभार व्यक्त किया।


राज्य मंत्री एवं विधायक विजय सिंह चौधरी ने कहा कि कुचामन की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण उनकी प्राथमिकता है। शहर की पहचान से जुड़े स्थलों का विकास आने वाली पीढ़ियों को अपनी विरासत से जोड़ने का माध्यम बनेगा।
नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया ने बताया कि शहर के प्रमुख ऐतिहासिक द्वारों का सौन्दर्यकरण योजनाबद्ध तरीके से कराया जा रहा है, जिससे कुचामन की सुंदरता के साथ-साथ उसकी ऐतिहासिक पहचान भी मजबूत होगी।


निवर्तमान सभापति सुरेश सिखवाल ने कहा कि नगर परिषद द्वारा शहर के गौरवशाली इतिहास को सहेजने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। ऐतिहासिक द्वारों का नवीनीकरण शहरवासियों के लिए गर्व का विषय है।


पार्षद अयूब शेख ने कहा कि कुचामन की पहचान उसकी सांस्कृतिक विरासत से है। ऐतिहासिक द्वारों का सौन्दर्यकरण न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाएगा, बल्कि पर्यटन को भी प्रोत्साहन देगा।

error: News 1 Rajasthan