कुचामन के नए एसडीएम बने सुरेंद्र सिंह चौधरी, पदभार संभालते ही दिए जनहित को प्राथमिकता के निर्देश

सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना मेरी पहली प्राथमिकता है” — एसडीएम सुरेंद्र सिंह चौधरी

कुचामन सिटी। शिक्षा नगरी के नाम से विख्यात कुचामन सिटी उपखंड कार्यालय को बुधवार को नया उपखंड अधिकारी (एसडीएम) मिल गया। लाखेरी (बूंदी) से स्थानांतरित होकर आए RAS सुरेंद्र सिंह चौधरी ने बुधवार शाम को विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान एसडीएम विश्वामित्र मीणा ने उन्हें कार्यभार सौंपते हुए पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

पदभार ग्रहण करने के बाद एसडीएम चौधरी ने उपखंड कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आमजन को राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता

पदभार संभालने के बाद एसडीएम सुरेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचे और आमजन को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

उन्होंने कहा कि “जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान, पारदर्शी प्रशासन और सरकारी सेवाओं की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। आमजन को राहत पहुंचाना ही प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है।”

शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर

एसडीएम चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी सेवा शिविर, ग्रामीण सेवा शिविर तथा सरकार द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं और अभियानों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उपखंड क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालय समय में नियमित रूप से उपस्थित रहने तथा आमजन के कार्यों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश भी दिए।

अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया स्वागत

पदभार ग्रहण करने के अवसर पर उपखंड कार्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने नवागत एसडीएम का स्वागत किया। चौधरी ने सभी से बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था एवं जनहितकारी कार्यों के लिए सहयोग की अपेक्षा जताई।

जनहितकारी कार्यशैली के लिए रहे हैं चर्चित

गौरतलब है कि सुरेंद्र सिंह चौधरी इससे पहले लाखेरी (बूंदी) में एसडीएम पद पर कार्यरत थे। वे डेगाना में तहसीलदार के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। कोरोना काल के दौरान डेगाना में उनके द्वारा किए गए कई नवाचारों को सराहना मिली थी। एयरफोर्स की सेवा से प्रशासनिक क्षेत्र में आए चौधरी अपनी सक्रिय कार्यशैली, नवाचारों और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए विशेष पहचान रखते हैं।

error: News 1 Rajasthan