कुचामन सिटी, राजस्व विभाग के राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने मंगलवार को कुचामन उपखंड की ग्राम पंचायत परेवड़ी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं और योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

शिविर में राज्य मंत्री ने पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के स्वीकृति पत्र वितरित किए तथा कई ग्रामीणों को विभाजन पट्टे भी सौंपे। साथ ही ग्रामीणों की ओर से रखी गई समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। ग्रामीण सेवा शिविर इसी सोच का हिस्सा हैं, जहां आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में भाजपा मीडिया प्रभारी अनिल सिंह शेखावत ने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है और उनकी समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही किया जा रहा है।
शिविर में शिविर प्रभारी विश्वामित्र मीणा उपखंड अधिकारी
तहसीलदार रामेश्वर गढ़वाल, विकास अधिकारी अजीत सिंह सहित बाकी 22 विभाग के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी ओर कार्मिक मौजूद रहें । इसके साथ ही जन प्रवक्ता भंवरलाल शर्मा, सरपंच प्रशासक राजकुमार सोनी, मोहन महला, कैप्टन सायर सिंह, पूर्व उपसरपंच राज सिंह, रामचंद्र महला, बोदूराम बडालडा, गोमाराम भेरी, राकेश सिंह चावंडिया, एडवोकेट अवतार सिंह, गणेशराम सुंडा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी अपनी उपस्थिति दी।

ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान आमजन ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने से समय और संसाधनों की बचत हो रही है तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण संभव हो पा रहा है।
