जमीन विवाद मामले में नया मोड़: कल के परिवादी आज बने आरोपी; 9 लोगों पर FIR दर्ज

कुचामन थाने में दर्ज हुआ एक और मामला, 9 लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप

एक पक्ष से 10 लाख लेकर दूसरों के नाम रजिस्ट्री कराने का आरोप

कुचामन सिटी। रिंग रोड मुआवजे और करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन को लेकर चल रहे विवाद में मंगलवार को नया मोड़ आ गया। जिन लोगों ने एक दिन पहले जमीन हड़पने और धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कुचामन सिटी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था, अब उन के खिलाफ भी पुलिस ने अलग एफआईआर दर्ज कर ली है।

कुचामन सिटी थाने में नून्दड़ा निवासी लिखमाराम जांगू की रिपोर्ट पर दीपपुरा निवासी उदाराम, कुनणमल, मदनलाल, दुर्गा देवी, बिमला, सुनीता, सुमन, रामस्वरूप कुमावत और शंकरलाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 318(4), 316(2) एवं 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने स्वयं को खसरा संख्या 649/271, रकबा 0.3767 हेक्टेयर भूमि का मालिक बताते हुए 6 जून 2026 को उक्त भूमि बेचने का इकरारनामा लिखमाराम के पक्ष में किया था। आरोप है कि इकरारनामे के बदले लिखमाराम ने आरोपियों को 2 लाख रुपये नकद और 8 लाख रुपये चेक के माध्यम से कुल 10 लाख रुपये दिए।

शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने भरोसा दिलाया था कि भूमि का पंजीकृत विक्रय पत्र (रजिस्ट्री) लिखमाराम के पक्ष में ही किया जाएगा। लेकिन बाद में उसी जमीन का पंजीकृत विक्रय पत्र कथित रूप से कल्पना देवी पत्नी बालकृष्ण बजाज और बिरमाराम पुत्र रिद्धाराम के नाम निष्पादित कर दिया गया।

लिखमाराम का आरोप है कि जमीन का सौदा करने के बावजूद आरोपियों ने यह तथ्य उनसे छिपाए रखा और उन्हें लगातार गुमराह किया। जब उन्होंने अपने पक्ष में रजिस्ट्री करवाने की बात कही तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। बाद में राजस्व रिकॉर्ड और दस्तावेजों की नकल निकलवाने पर कथित धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।

गौरतलब है कि सोमवार को इसी भूमि विवाद में उदाराम कुमावत की ओर से भी एक एफआईआर दर्ज करवाई गई थी, जिसमें मुआवजा दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की जमीन हड़पने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के आरोप लगाए गए थे। अब दूसरे पक्ष की ओर से दर्ज हुई एफआईआर के बाद मामला पूरी तरह आमने-सामने की कानूनी लड़ाई में बदल गया है।

अब एक ही जमीन को लेकर दोनों पक्षों की ओर से दर्ज एफआईआर ने पूरे मामले को और अधिक संवेदनशील बना दिया है। पुलिस दोनों मुकदमों की अलग-अलग जांच कर रही है।

इनका कहना है :

मामले में जांच अधिकारी कुचामन सिटी थाने के उप निरीक्षक महावीर प्रसाद मीणा ने बताया कि लिखमाराम जांगू की लिखित रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं 318(4), 316(2) और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान उपलब्ध दस्तावेजों, राजस्व अभिलेखों और दोनों पक्षों के तथ्यों का परीक्षण किया जाएगा। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

error: News 1 Rajasthan